महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। ग्राम खट्टी में कल रविवार को खेल मड़ई के तहत जनजाति समुदाय के लिए पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला स्तरीय था जिसमेंं प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में कबड्डी, खो-खो जैसे अन्य पारंपरिक खेल शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर शामिल हुए और विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में कृषि उपज मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, सरपंच संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर, जनपद सदस्य कुणाल चंद्राकर, हेमंत डड़सेना, सचिन गायकवाड़, रहीम चौहान मौजूद थे।
संसदीय सचिव ने यहां गेड़ी का लुत्फ उठाया। अपने संबोधन में संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने हरसंभव प्रयास कर रही है। विभिन्न खेलों के विकास व सुविधाओं की बढ़ोत्तरी के लिए छग खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है। भूपेश सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज यहां पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रदेश सरकार की पहल से बच्चों व युवाओं में खेलों के प्रति झुकाव हो रहा है।
उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ ही खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आव्हान किया। बाद इसके उन्होंने प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मनोज धृतलहरे ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर से बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शशि कुमार साहू, राधेलाल कमार, अश्वनी मंडावी, रेवाराम साहू, तोरण कन्नौजे, पवन साहू, मोहन साहू, सोहन साहू, महेंद्र टंडन, रामचरण पटेल सहित शिक्षकगण मौजूद थे।