महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। सावन का आज तीसरा सोमवार है और शहर के अलावा गांवों के मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही लोग मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय है। श्रद्धालु बेलपत्र और भांग-धतूरे, जल, दूध से महादेव का अभिषेक कर रहे हैं। बहम्नी से जल लेकर कांवरिए गंधेश्वर महादेव सिरपुर कांवरिए पहुंचे हुए हैं। आज समाचार लिखते तक सुबह के 10 बजे थे और 5 हजार 600 कांवरिए सिरपुर पहुंचे थे। शनिवार रात से यहां कांवरियों के आने का सिलसिला जारी है। ये कांवरिए आज सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही गंधेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर रहे हैं।
तुमगांव थान प्रभारी विनोद शर्मा ने बताया कि प्रशासन व पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई है। वहीं नदी के आसपास भी टीम तैनात है। करीब साढ़े पांच हजार से भी ज्यादा कांवरिए पहुंच गए हैं। सुबह से देर शाम तक आज जलाभिषेक होगा। श्रद्धालुओं को अव्यवस्था न हो, इसलिए पुख्ता इंतजाम किए गए हंै।
मालूम हो कि सावन के तीसरे सोमवार को शहर के शिव मंदिरों में शिवभक्तों में एक अलग ही उत्साह रहता है। भक्त इस दिन उपवास करते हैं और शिवालयों में जाकर हर हर महादेव का जयकारा लगाते हुए जलाभिषेक कर, बेल पत्र, धतूरा सहित प्रसाद चढ़ाकर परिवार में सुख समृद्धि बने रहे इसकी कामना करते हैं।