महासमुन्द
महासमुंद, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल विनय मल्होत्रा ने शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना का निरीक्षण कर एनसीसी कैडेटों से साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। वहीं संजय कुमार कर ने बताया कि कर्नल मल्होत्रा ने कहा कि कैडेट्स की भर्ती व उनके प्रशिक्षण को लेकर प्रभारी प्राचार्य व शिक्षकों से भी चर्चा हुई है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रत्येक कैडेट को एनसीसी के द्वारा मिलने वाले समस्त लाभ मिले। साथ ही केंद्र व विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा एनसीसी प्रमाण पत्र धारकों को दिए जाने वाले बोनस अंक या प्राथमिकताओं के बारे में कैडेट्स को नियमित रूप से जानकारी देने का आग्रह किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रुप स्तर पर बेस्ट कैडेट के रूप में चयनित संस्था कैडेट कृष्णकान्त चौबे को पुरस्कृत किया। पुरस्कार स्वरूप कैडेट को एक हजार रुपए का चेक एवं प्रमाण पत्र दिया गया। साथ ही संस्था के प्रभारी प्राचार्य एस के पटेल को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर सेजेस बसना के प्राचार्य के के कर, वरिष्ठ व्याख्याता डी के प्रधान, एस पुरोहित, आर दास, हवलदार अजय कुमार, विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी अधिकारी संजय कुमार, व्यायाम शिक्षक एस एन ठाकुर, राजेन्द्र बरिहा एवं भानूप्रताप नंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।