महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई। आम आदमी पार्टी महासमुंद के कार्यकर्ताओं ने आज महासमुन्द के नेहरू चौक में आम आदमी पार्टी के सांसदों के निलंबन के विरुद्ध प्रदर्शन कर उपराष्ट्रपति के नाम से नायब तहसीलदार बंछोर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि विपक्ष महंगाई, जहरीली शराब,अग्निपथ योजना, जीएसटी पर संसद में चर्चा चाहता है जिसकी आवाज बुलंद करने पर आप सांसदों को निलंबित कर दिया गया है। सांसदों का निलंबन समाप्त कर संसद में इन मुद्दों पर चर्चा हो।
इन्होंने ज्ञापन में कहा है कि संसद में मानसून सत्र में लगातार हंगामे की वजह से जनहित से जुड़े व तात्कालिक मुद्दे पीछे छूट रहे हैं। जो कि संवेदनशील हैं। संसद में लगातार आप सांसदों की मांग है कि गुजरात में जहरीली शराब से मौते हो रही उसका जिम्मेदार कौन हैं? भाजपा की सरकार कहती है कि गुजरात में शराब बिक्री नहीं होती।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस विषय पर लंबी चर्चा की जरूरत है। बिना चर्चा के विधेयकों को पारित करने की मजबूरी है, तो संसद का उद्देश्य ही सवालों के घेरे में होगा। संसद के मानसून सत्र में मुद्दों के साथ विवादों की बारिश हो रही है। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के चलते पिछले एक हफ्ते से लोकसभा और राज्यसभा दोनों जगह कोई उत्पादक काम नहीं हो पाया है। इसी तरह से संसद चली, तो क्या उसका वास्तविक उद्देश्य बचा रहेगा?
विज्ञप्ति में लिखा है कि संसद ही एक वह जगह है, जहां देश के सामने खड़े बड़े मुद्दों, चुनौतियों, समस्याओं पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। प्रत्येक विधेयक पर कानून बनने के पहले घंटों विचार-विमर्श उसे एक बेहतर और व्यावहारिक कानून बनाने में मदद करेंगे। पिछले कई सालों से हो वही हो रहा है कि ज्यादातर अहम विधेयक हंगामे के बीच ध्वनिमत से पारित हो रहे हैं। इससे जुड़ी याचिकाएं अदालतों में पहुंच रहीं हैं। विधायिका और न्यायपालिका के बीच लक्ष्मण रेखा की चिंता भी सरकार कई बार अदालत के सामने जाहिर कर चुकी है।
संसद में मौजूदा टकराव इस बात को दिखाता है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कटुता कितनी ज्यादा बढ़ चुकी है। प्रश्नकाल, काम रोको प्रस्ताव, नियम 55 के तहत आधे घंटे की चर्चा के लिए नोटिस देने के अधिकार जैसे रास्ते हैं। संसद को सुचारू रूप से नहीं चलने देना देश के साथ अन्याय है। आम आदमी पार्टी यह मांग करती है कि हमारे सभी राज्य सभा सांसदों का निलंबन समाप्त कर उपरोक्त मुद्दों पर चर्चा की जाय।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से भूपेन्द्र चंद्राकर, अभिषेक जैन, संजय यादव, संतोष चंद्राकर, शकील खान, राकेश झाबक, कुलेश्वर पटेल, सुनील ठाकुर, कादिर चौहान, पूनाराम निषाद, गंगा राम कुर्रे आदि आम आदमी पार्टी कार्यकत्र्ता शामिल रहे।