महासमुन्द

महासमुंद के स्कूलों में गेड़ी डे का आयोजन हड़ताल की वजह से होता नहीं दिख रहा
27-Jul-2022 3:42 PM
महासमुंद के स्कूलों में गेड़ी डे का आयोजन हड़ताल की वजह से होता नहीं दिख रहा

महासमुंद, 27 जुलाई। महासमुंद जिले के तमाम स्कूलों में ताले लटके पड़े हैं। शिक्षक आंदोलन पर हैं। आदेश तो था कि स्कूली बच्चों को गेड़ी बनाना सिखाई जाए। लेकिन बच्चों को कुछ सिखाया नहीं जा सका है इसलिए स्कूलों में गेड़ी डे प्रतियोगिता का आयोजन हड़ताल की वजह से होता नहीं दिख रहा है। बात यह है कि जिले के तमाम अधिकारी-कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर 5 दिवसीय धरने पर हैं। आज उनके आंदोलन को तीसरा दिन है। उन्हें काम पर वापस बुलाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से अभी तक कोई भी पहल नहीं की गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि त्योहार को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा था कि यदि आंदोलन त्योहार तक समाप्त होता है तो ज़रुर मनाएंगे और नहीं हुआ तो स्कूलों में आयोजन नहीं हो पाएगा। मालूम हो कि छग की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस बार हरेली त्योहार को मनाने के लिए शासन ने कुछ अलग ही करने की योजना बनाई है। इस साल स्कूलों में गेड़ी डे प्रतियोगिता मनाने का निर्णय लिया है। बच्चों को गेड़ी बनाने के लिए भी सिखाने के निर्देश थे। लेकिन ऐन वक्त हड़ताल की वजह से स्कूल बंद हो गई और बच्चे गेड़ी बनाना नहीं सीख पाए।

आंदोलनों के बीच जिला प्रशासन का कहना है कि हरेली को लेकर इस बार खास तैयारियां की गई हैं। क्योंकि हरेली तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कृषि परंपरा व आस्था से जुड़ा हुआ है। महासमुंद जिले में स्थानीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिले में कृषि विभाग द्वारा गौठानों में हरेली तिहार के दिन 28 जुलाई को ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर कई अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर गांवों में पारंपरिक खेल-कूद, गेड़ी दौड़, लोक नृत्य का आयोजन भी जगह-जगह देखने मिलेगा। इस दौरान जिले के गोठानों में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।

जिला प्रशासन के मुताबिक कल हरेली तिहार के दिन गौठानों में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण के लिए विशेष कैम्प का भी आयोजन किया जाएगा। गौठानों में पशुओं को नियमित रूप से भेजने, खुले में चराई पर रोक लगाने तथा पशु रोका-छेका अभियान में सभी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को लेकर भी चर्चा की जाएगी। कल हरेली तिहार के दिन किसानों को भी गौठानों में विशेष रूप आमंत्रित कर खेती.किसानी के संबंध में उन्हें समसमायिक सलाह देने के साथ ही उन्हें वर्मी कम्पोस्ट का खेती में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

मालूम हो कि हरेली त्यौहार हर वर्ष सावन महीने के अमावस्या तिथि को बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। हरेली छत्तीसगढ़ की संस्कृति और छत्तीसगढ़ की पहचान है। यह प्रदेश का लोकप्रिय त्यौहार है। बीते तीन वर्षों में हरेली की पर्व महत्ता और इसकी लोकप्रियता में बढ़ी है। अब राज्य सरकार हरेली पर्व यानि 28 जुलाई से गोमूत्र खऱीदेगी। इसकी न्यूनतम दर 4 रुपए लीटर निर्धारित है। जिले के दो स्वावलंबी गोठनों बिरकोनी और गोड़बहाल से खरीदी की शुरूआत होगी।


अन्य पोस्ट