महासमुन्द
राजस्व व अन्य कामकाज के लिए लोग कार्यालय तो आए, बैरंग लौटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जुलाई। जिले के 50 से अधिक सरकारी दफ्तरों में सोमवार से काम-काज ठप रहा। बताना जरूरी है कि इन दफ्तरों के 13 हजार से अधिक कर्मचारी-अधिकारी महंगाई भत्ता व मकान भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर पांच दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। जिला मुख्यालय सहित ब्लॉक मुख्यालयों में 48 संगठन शासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं। इसके चलते कई सरकारी दफ्तरों में ताला लटक रहा है। जहां दफ्तर खुले भी हैं तो वहां सन्नाटा पसरा रहा।
कलेक्टोरेट में परीक्षावधि व नगर सैनिक ही ड्यूटी पर नजर आए। लेकिन कर्मचारी अधिकारी नहीं थे। इसके अलावा सरकारी स्कूलों में भी ताला लटकता मिला। एसडीएम व तहसील कार्यालय में सुरक्षा बतौर कोटवारों को तैनात किया गया है। वहीं दफ्तर खुले होने से राजस्व व अन्य काम.काज के लिए लोग कार्यालय तो आए, लेकिन अधिकारी या कर्मचारी न होने से काम ही नहीं हुए। उन्हें खाली हाथ वापस जाना पड़ा। इधरए कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं हुई तो कार्यालय सीधे 1 अगस्त को ही खुल पाएंगे।
मालूम हो कि शिक्षा, उच्च शिक्षा, नगर पालिका, माटी कला बोर्ड, नगर निवेश, खेल, नापतोल, ग्रामोद्योग, हथकरधा, पंजीयक संस्था, कोषालय, आदिम जाति कल्याण, जन संपर्क, वाणिज्यकर, रोजगार कार्यालय, जिला पंजीयक, श्रम, खनिज, जिला योजना, जिला परिवहन, आबकारी, महिला बाल विकास, बीज प्रक्रिया, बीज निगम, कृषि विज्ञान केंद्र, मत्स्य, रेशम, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, कृषि, जिला विपणन, नान, स्वास्थ्य, एनएच, हाउसिंग बोर्ड, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री सडक़ योजना, सेतु निगम, लोक निर्माण भवन, वन विभाग, समाज कल्याण, जिला पंचायत व कलेक्टोरेट के अधिकारी व कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं।
आंदोलन को फेडरेशन की संयोजक एस चंद्रसेन, टेकराम सेन, नारायण चौधरी, अशोक गोस्वामी, ईश्वर चंद्राकर, मनीष ठाकुर सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र के समान महंगाई भत्ता की स्वीकृति के बाद भी राज्य के कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है जिसके चलते शिक्षकों को 12 तो कर्मचारियों को 14 हजार का नुकसान हो रहा है। अधिकारी-कर्मचारी सोमवार से आयोजित पांच दिवसीय कलमबंद आंदोलन पर हैं। इसका असर जिलेभर में देखने को मिला। आंदोलन के चलते तमाम सरकारी दफ्तर और स्कूलों में ताला लगा रहा। आगामी 31 जुलाई तक जिलेभर में दफ्तर और स्कूलों में तालाबंदी रहेगी। महंगाई भत्ता व मकान भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर अधिकारी-कर्मचारी सभी ब्लॉक मुख्यालयों में धरनारत हैं।