महासमुन्द
कहा-मौसमी बीमारियों के दुष्प्रभाव को लेकर स्वास्थ्य अमला अलर्ट रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जुलाई। ग्राम पंचायत बम्हनी के आश्रित ग्राम केशरपुर में डायरिया के प्रकोप से पीडि़त मरीजों से मिलने कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर पहुंचे। केशरपुर में 60 से अधिक ग्रामीण डायरिया से ग्रस्त हुए हैं। अधिकांश मरीजों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों के इलाज की जानकारी कलेक्टर ने ली और स्वास्थ्य अमले को इस पर लगातार निगाह बनाये रखने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा प्रभावित स्थल केशरपुर का भी निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर उनको मौसमी बीमारियों के दुष्प्रभाव को लेकर भी अलर्ट किया।
ग्राम केशरपुर के अतिरिक्त ग्राम सागुनढाप और ग्राम कंचनपुर में भी डायरिया के प्रकोप की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने दोनों गांवों में पहुंचे और वहां लगाए गए स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को अभियान चलाकर प्रभावित ग्राम सहित निकट के सभी ग्रामों में पानी की जांच कर पानी का आवश्यक उपचार करने हेतु निर्देशित किया इसके साथ ही पिथौरा स्थित अनुसूचित जाति कन्या आश्रम पहुंचकर निरीक्षण किया। बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने का निर्देश अधिक्षिका को दिया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राकेश कुमार गोलछा, जिला महामारी विशेषज्ञ डा मीनाक्षी रॉय, तहसीलदार लीलाधर कंवर, नायब तहसीलदार देवेंद्र नेताम, उमेश लहरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ तारा अग्रवाल सहित विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि ग्राम कंचनपुर में उल्टी दस्त से महिला के बाद एक साढ़े चार साल उम्र की मासूम पुष्पांजलि की भी मौत का मामला सामने आया है। हालांकि मासूम का इलाज सरकारी अस्पताल में नहीं चल रहा था और ना ही अमले को उसकी तबियत खराब होने के बारे में मालूम था। मौत के बाद में पता चला कि मासूम के परिजन निजी चिकित्सक से उसका इलाज करा रहे थे, इसी दौरान उसकी मौत हुई है। लगातार दो मौत के बाद गांवों में हालात का जायजा लेने सोमवार को कलेक्टर पहुंचे और स्वास्थ्य सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
सोमवार को केशरपुर में 14 और डायरिया के मरीज मिले हैं। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है। सभी को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। वहीं पूर्व में जिनका इलाज चल रहा था, वे सभी ठीक होकर अपने-अपने घर चले गए हैं। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग का शिविर चल रहा है। मरीज की पुष्टि होती जा रही है, और उनका इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में बीएमओ तारा अग्रवाल का कहना है कि गांव में शिविर लगा हुआ है, जिन लोगों की पुष्टि होते जा रही है, उनका इलाज शिविर में हो रहा है। उन्होंने बताया कि कंचनपुर में बच्ची के परिजनों ने स्वास्थ्य अमले से छुपाई और बिलाईगढ़ से आने वाले निजी चिकित्सक से इलाज कराया।
परिजनों ने न तो मितानिनों को इसकी जानकारी दी और ना ही स्वास्थ्य केंद्र को। उन्होंने बताया कि कलेक्टर भी गांवों के जायजा लेने पहुंचे और सभी को साफ पानी व गर्म भोजन करने की अपील की है।
बहरहाल उल्टी दस्त से ग्राम केशरपुर, कंचनपुर, सागुनढाप सहित आसपास के ग्रामीण परेशान हंै। शनिवार से गांव में उल्टी दस्त के मरीज लगातार भारी संख्या में आ रहे थे। इसमें बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल थे। गांव में बीमारी फैलने के बाद ग्रामीण डर गए। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य अमला सजग हुआ और वहां शिविर लगाकर ग्रामीणों का इलाज शुरू किया है। शिविर गांव में लगा हुआ है, जहां मरीजों का इलाज जारी है। केशरपुर के बाद अब कंचनपुर में उल्टी दस्त के मरीज मिलना शुरू हो गया है। नायब तहसीलदार देवेन्द्र नेताम ने बताया कि सोमवार को कंचनपुर में 14 केस उल्टी दस्त के मिले हैं, जिनका इलाज जारी है।