महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 जुलाई। सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए कांवरियों का जत्था कल शनिवार को बम्हनी से सिरपुर रवाना हुआ। कांवरिये आज रविवार की दोपहर तक सिरपुर पहुंचेेंगे तथा सोमवार को अल सुबह जलाभिषेक करेंगे। कांवरियों की सुरक्षा के लिए हाथी प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की ओर से पेट्रोलिंग पार्टी की व्यवस्था की गई है। यह पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी और जवान तैनात रहेंगे। आज रविवार को भी जलाभिषेक करने कांवरियों का जत्था सिरपुर रवाना हो रहे हैं।
इस साल कांवर यात्रियों के लिए बम्हनी और सिरपुर के अलावा जगह-जगह कांवर स्टैंड बनाया गया है। तुमगांव टीआई विनोद शर्मा ने बताया कि कांवर यात्रियों की संख्या और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस साल 4 पेट्रोलिंग टीम के साथ फिक्स प्वाइंट में जवानों की तैनाती की गई है। वहीं सिरपुर में गंधेश्वर मंदिर के अलावा चौक-चौराहों पर पुलिस के बल तैनात है।
उन्होंने बताया कि तुमगांव से कुहरी मोड़, कुहरी मोड़ से छपोराडीह और वहां से सिरपुर तक लगातार पुलिस की पेट्रोलिंग हो रही है। कल से सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव में जलाभिषेक के लिए कांवरियों का जत्था रवाना के लिए सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पहले कांवरिये पवित्र जल लेकर बम्हनी पहुंच रहे हैं। सुबह से बम्हनी में कांवरियों की भीड़ शुरू हो गई थी।