महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई। संभाग स्तरीय एक दिवसीय शालेय सुब्रतो मुखर्जी फुटबाल स्पर्धा का आयोजन जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में हुआ। इस प्रतियोगिता में पांच जिलों के टीमों को हिस्सा लेना था, लेकिन मात्र तीन ही जिलों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दो जिलों से टीम नहीं आई। इस स्पर्धा में बालक और बालिका 14 व 17 आयु वर्ग में शामिल थे। इसमें बालक के कुल 6 और बालिका की 3 टीमें थीं। इस स्पर्धा में 14 आयु वर्ग बालक में कोटा रायपुर के विवेकानंद विद्यापीठ, बालक 17 आयु वर्ग में कोटा रायपुर विवेकानंद विद्यापीठ व बालिका 17 आयु वर्ग में महासमुंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सहायक खेल अधिकारी अंजली बरमाल, व्यायाम शिक्षक हीरेंद्र साहू ने बताया कि इस स्पर्धा में रायपुर, महासमुंद व धमतरी जिले के कुल 9 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रत्येक वर्ग से कुल 4-4 मैच खेले गए। बालिका वर्ग में धमतरी और महासमुंद के बीच पहला मैच खेला गया। जिसमें महासमुंद विजयी रही। वहीं बलौदाबाजार व गरियाबंद की टीम नहीं पहुंची। इसके अलावा बालिका आयु वर्ग 17 में महासमुंद व धमतरी के बीच खेला गया। इसमें भी धमतरी को हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता को सकुशल संपन्न कराने में सुनील, गणेश कोसर, सेवन दास मानिकपुरी, बेदराम रात्रे, नीलम सिन्हा, नारायण गभेल, इंद्राणी भास्कर, अंजलि साहू, तृषा शर्मा, नीलिमा राजपूत, रामेश्वरी दीवान, पुष्पा ध्रुव, राजेश्वरी ध्रुवंशी, भोजराज सिदार, आदित्य, लिंगराज देवांगन, बृज भूषण ठाकुर, रायपुर से छन्नू साहू खिलेंद्र साहू शामिल थे। उन्होंने बताया कि फ ाइनल मैच 14 आयु वर्ग बालक में कोटा विवेकानंद विद्यापीठ व सेजस नयापारा महासमुंद के बीच मैच हुआ।
इसमें रायपुर ने महासमुंद को हराकर मैच जीता। इसी प्रकार 17 बालक आयु वर्ग में कोटा रायपुर विवेकानंद विद्यापीठ व धमतरी के बीच हुआ।
इसमें धमतरी को हार का सामना करना पड़ा। रायपुर की टीम विजयी रही। इसके अलावा बालिका आयु वर्ग 17 में महासमुंद व धमतरी के बीच खेला गया। इसमें भी धमतरी का हार का सामना करना पड़ा। महासमुंद की टीम विजयी रही।
व्यायाम शिक्षक हीरेंद्र साहू ने बताया कि इस प्रतियोगिता भाग लेने वाले आयु वर्ग के बच्चों का चयन राज्य स्तरीय शालेय स्पर्धा के लिए होगा। चयन सूची बनने के बाद ये जगदलपुर में होने वाले राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रतिनिधित्व करेंगे।