महासमुन्द

महानदी में पानी का बहाव अभी भी तेज, इंटकवेल के मुख्य वॉल में घुसी रेत निकाली नहीं जा सकी, शहर में पानी की किल्लत
16-Jul-2022 4:27 PM
महानदी में पानी का बहाव अभी भी तेज, इंटकवेल के मुख्य वॉल में घुसी रेत निकाली नहीं जा सकी, शहर में पानी की किल्लत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई।
आज शनिवार को भी महानदी में जल स्तर बढ़ा हुआ है। लिहाजा इंटकवेल के मुख्य वॉल में घुसी रेत को पालिका कर्मी निकाल नहीं पा रहे हैं और दूसरे दिन भी शहर की आबादी को पार्याप्त पानी नहीं मिल पाया है। महासमुंद शहर की करीब 75 हजार आबादी पानी की किल्लत से परेशान है। मालूम हो कि हर साल महासमुंद में पीने के पानी के लिए यही स्थिति रहती है। पिछले 10 साल से रेत मुख्य वॉल में घुस रही है। मुख्य वाल में जाली और रेत रोकने के लिए दीवार भी नहीं उठाई गई है।     
इस संबंध में सीएमओ आशीष तिवारी का कहना है कि मु़ख्य वॉल में जाली नहीं होने से रेत व कचरा घुस गया है। पूर्व के संबंध में कुछ नहीं कह पाऊंगा। वर्तमान में महानदी का जल स्तर कम होते ही मुख्य वॉल की सफाई के बाद उसमें जाली लगवाएंगे। स्थिति जस की तस है क्योंकि पानी का बहाव तेज है।

मालूम हो कि महानदी में पानी की आवक बढऩे के बाद से नदी में बने निसदा व समोदा बैराज के गेट को खोल दिया गया है। ताकि बारिश का पानी आसानी से बह जाए और बाढ़ की स्थिति निर्मित न हो। बैराज के अधिकारियों की मानें तो निसदा के 10 गेट खोले गए हैं। पिछले दो दिनों से इस गेट से पानी निकल रहा है। पानी का बहाव तेज है और बैराज का गेट खुला हुआ है। लिहाजा मुख्य वॉल की सफाई में समय लगेगा। इसके चलते दो से तीन दिन पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।

सीएमओ ने बताया कि पालिका के कर्मी नदी के जल स्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं। कर्मियों की ड्यूटी सफाई के लिए लगा दी गई है। जैसे ही पानी कम होगा, कर्मी रेत व कचरों को मुख्य वॉल से निकालकर सफाई करेंगे। इसके बाद ही फिल्टर प्लांट तक पर्याप्त पानी पहुंचेगा। इसके बाद शहर के सभी ओवरहैड टैंक भरेगा। वर्तमान में मोहारीभांठा व रावण भांठा स्थित ओवरहैड टैंक में बोर से पानी भरने की व्यवस्था है। लेकिन पांच ओवरहैड टैंक में यह व्यवस्था नहीं है। इन टैंक में पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहा है। इसलिए आज दूसरे दिन भी पानी की किल्लत से शहरवासी परेशान है। वार्डो में स्थापित बोर से शहरवासियों को पानी की सप्लाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट