महासमुन्द
सुपेबेड़ा के मरीज महासमुंद आकर करा रहे इलाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई। गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा गांव में रहने वाले ग्रामीण महासमुंद के अस्पतालों में किडनी का इलाज कराने पहुंच रहे हैं। यहां किडनी रोग डॉक्टर नहीं होने के कारण वे दूूसरे डॉक्टरों से अपना इलाज करा रहे हैं। आज 16 जुलाई को शहर के एक निजी अस्पताल में सुपेबेड़ा के कुछ बीमार ग्रामीणों की मुलाकात हुई। ये अपनी जानकारी छिपाते हैं, क्योंकि लोग सुपेबेड़ा के बारे में अच्छी तरह जानते हैं कि वहां के पानी में फ्लोराईड है और वहां के लोगों को किडनी की बीमारी है, हालांकि किडनी की बीमारी कोई छूत वाली रोग नहीं है, फिर भी लोग बीमार लोगों से कतराते हैं। उन्होंने बताया कि यहां सुभाषनगर में उनके रिश्तेदार रहते हैं। उन्हीं के यहां रहकर बीमारी का इलाज करा रहे हैं। ऐसे कुल पांच ग्रामीण आश्रम स्थित अस्पताल पहुंचे थे। इनके चेहरे और हाथ पांव काफी सूजे हुए थे। चलने-फिरने में लगभग असमर्थ थे। उनका कहना था कि इलाज कराते थक चुके हैं और कम पैसे में राहत मिले, इसलिए आश्रम स्थित अस्पताल पहुंचे हैं। रायपुर के डॉक्टरों ने बता दिया है कि किडनी की बीमारी है, लेकिन रायपुर में इलाज के लिए ज्यादा पैसा लगता है।
ये इनके नाम कमली (20), जोइहा (15), मदन (36) और करतो महज (4) का। इन्होंने बताया कि सुपेबेड़ा में पीने का पानी ठीक नहीं है। कोई डॉक्टर भी नहीं है। गांव में 43 घर परिवार है। यहां नेता लोग आते हैं। हाल-चाल पूछते हैं और चले जाते हैं। पिछले साल चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद यहां पहुंचे थे।
गौरतलब है कि सुपेबेड़ा रायपुर राजधानी से करीब 250 किमी दूर है और महासमुंद से ओडि़शा बार्डर पर गरियाबंद की ओर 35 किलोमीटर दूरी पर। गांव के बारे में कमली विस्तार से बताती है कि सुपेबेड़ा में कोई बुजुर्ग नहीं है। सभी बुढ़ापे से पहले ही किडनी फेल हो जाने के कारण मर जाते हैं। गांववालों की भी आसरा अब टूट चुका है। अब तो गांव की हालत इतनी खराब हो गई है कि गांव की बेटियों के लिए रिश्ते नहीं मिलते। कोई भी आदमी बाहर से नहीं आना चाहता। इसलिए शादियां रिश्तेदारी में करने की मजबूरी हो रही है।
कमली थोड़ी पढ़ी लिखी है। उन्होंने बताया कि सुपेबेड़ा में किडनी फेल से हर साल कई मौतें होती हैं। सरकारी रिकॉर्ड में 6 साल में 78 दर्ज है। गांव में शायद ही कोई घर होगा जहां किसी को किडनी की बीमारी नहीं है। यहां का पानी हमारी मौत का कारण है। हम जानते हैं कि हम भी बहुत जल्दी मर जाएंगे। जोर की प्यास लगती है, तभी पानी पीते हैं। लडक़ों की शादी के लिए भी नए रिश्ते नहीं आ रहे। इसी कारण अब रिश्तेदारों में आपस में ही शादियां करा दी जा रही है।
वह बताती हैं-गांव में कोई बुजुर्ग नहीं है। सबकी 45 से 50 साल की उम्र में पहुंचते-पहुंचते किडनी फेल हो जाती है। गांव में 55 साल की भूमिसूता इस गांव की सबसे बुजुर्ग महिला है। कुछ लोग गांव से बाहर जाकर जीना चाहते हैं लेकिन बचपन में ही उन्हें किडनी की बीमारी घर कर गईं। तीन-चार साल पहले यहां यह माहौल भी बनाया गया था कि दलालों को अपनी जमीन सस्ते में बेच दो और गांव खाली कर दो। क्योंकि यहां मूल्यवान खनिज पाया गया है।
बताना जरूरी है कि ये सभी गांव के क्षेत्रपाल परिवार के प्रेम प्रकाश के कहने से महामसुंद आए थे। प्रेम प्रकाश के मुताबिक पिछले पांच बरसों के भीतर क्षेत्रपाल परिवार के 11 लोगों की मौत हुई है। दो महिला और 9 पुरुष। सभी की मौत किडनी फेल होने से हुई है। परिवार के तुकाराम 50 की पिछले महीने ही मौत हुई है। तुकाराम 6 साल से डायलिसिस पर थे। प्रेम प्रकाश क्षेत्रपाल सबसे छोटा भाई है। इन्होंने बताया-मेरी एक छोटी सी दुकान है। जिससे परिवार का खर्च चल रहा था। अब स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि दुकान खाली हो गई है। परिवार का भरण पोषण बड़ी समस्या है। मेरे जैसे लोगों की कमी हमारे गांव में नहीं है लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।