महासमुन्द
जल स्तर बढऩे से महानदी में बने इंटकवेल के मुख्य वॉल में रेत जमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई। महानदी में लगातार पानी की आवक बने पहने के बाद निसदा डेम के 10 गेट खोले गए हैं। इसके बावजूद बंद गेटों के ऊपर से पानी बह रहा है। जानकारी मिली है कि धमतरी के गंगरेल में हर सेकेंड 23 हजार क्यूबिक फीट पानी की आवक बनी हुई है। पानी की आवक को देखते हुए महानदी में पानी छोड़ा गया है। इसके कारण महानदी का जल स्तर बढ़ गया है। समाचार लिखते तक महानदी में पानी का बहाव काफी तेज है और जहां तक देखो सिर्फ पानी ही पानी है और किनारों का ओर-छोर नहीं है।
महानदी का जल स्तर बढ़ते ही महासमुंद शहर में पानी सप्लाई प्रभावित हो गई है। नदी का पानी मटमैला हो गया है और जल स्तर बढऩे से महानदी में बने इंटकवेल के मुख्य वॉल में रेत जमा हो गई है। इसके चलते पानी सप्लाई बाधित हो रही है। फिल्टर प्लांट में कम मात्रा में पानी पहुंच रहा है। शहर के ओवरहैड टैंक को भर नहीं पा रहा है। बताना जरूरी है कि पिछले चार दिनों से धमतरी व गरियाबंद क्षेत्र में हो रही रुक-रुक कर बारिश से महानदी का जल स्तर बढ़ा है।
महानदी में पानी बढऩे से निसदा डैम के महासमुंद की ओर बने 10 गेट खोल दिए गए हैं। इसके बावजूद बंद गेटों के ऊपर से पानी बह रहा है। यही कारण है कि मुख्य वॉल में रेत घुस जाने से कल गुरुवार को शहर की दो टंकियों में पानी ही नहीं भर पाया। शहर के नयापारा और नेहरू चौक स्थित ओवरहेड टैंक में पानी नहीं भरने के कारण शहर के इमलीभांठा, नयापारा, अयोध्या नगर, क्लब पारा, बागबाहरा रोड, स्टेशन पारा, कुर्मी पारा, गुडरूपारा और मेन रोड में स्थित घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित रही। शाम को इन इलाकों में पानी जरूर मिला। लेकिन नल की धार काफी धीमी थी।
नगर पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि निसदा डायवर्सन के 8 गेट को खोला दिया गया है। इंटेकबेल के मुख्य वॉल में रेत भर जाने से फिल्टर प्लांट तक पानी सप्लाई करने में खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य वॉल के पास पानी स्टोर नहीं हो पा रहा है। नदी का जल स्तर कम होते ही इसकी सफाई कराई जाएगी। नगर पालिका के सीएमओ आशीष तिवारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में हुई बारिश से महानदी का जल स्तर बढ़ गया है। इसकी वजह से परेशानी हुई है।
गौरतलब है कि शहर में सात पानी की टंकियां स्थित है। सभी टंकियों में महानदी का पानी फिल्टर होकर भरता है और इसी पानी को शहरवासियों को सप्लाई की जाती है। इंटकवेल में रेत भर जाने से नयापारा, नेहरु चौक, पिटियाझर, बस स्टैंड, अटल आवास, ओवरहैड टैंक में पानी नहीं पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं भर पा रहा है। जितना पानी भर पा रहा है, उतनी ही सप्लाई कर रहे हैं।
इस वक्त महानदी में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। निसदा डेम के 10 गेट खोले गए हैं। इसके बावजूद बंदे गेटों के ऊपर से पानी बह रही है। जानकारी मिली है कि धमतरी के गंगरेल में हर सेकेंड 23 हजार क्यूबिक फीट पानी की आवक बनी हुई है। पानी की आवक को देखते हुए महानदी में पानी छोड़ा गया है। इसके कारण महानदी का जल स्तर बढ़ गया है। समाचार लिखते तक महानदी में पानी का बहाव काफी तेज है और जहां तक देखो सिर्फ पानी ही पानी है। किनारों का ओर छोर नहीं है।
बहरहाल पालिकाकर्मी महानदी में पानी कम होने का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही पानी कम होगा वॉल की सफाई कर रेत हटाएंगे। महानदी के अलावा शहर में दो मौहारीभांठा और नया रावण भांठा पानी टंकी को बोर से भरा जाता है। जिससे शहर के 7 वार्डो में निर्बाध जलापूर्ति जारी है। जैसे ही नदी का जल स्तर घटेगा पूरा अमला इंटकवैल की सफाई में लगा जाएगा। अभी नदी का जल स्तर ज्यादा होने के कारण इसकी संफाई करना संभव नही है।