महासमुन्द

किसी का भी, कोई भी टैक्स बकाया हो, तो सुविधाओं पर रोक लगा दें, जरूरत पड़े तो नल कनेक्शन भी काट दें-कृष्णा
15-Jul-2022 3:49 PM
किसी का भी, कोई भी टैक्स बकाया हो, तो सुविधाओं पर रोक लगा दें, जरूरत पड़े तो नल कनेक्शन भी काट दें-कृष्णा

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई।
नगर पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने जल, विद्युत, राजस्व विभाग सहित प्लेसमेंट कर्मचारियों की बैठक  लेकर तमाम काम काज की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें नागरिकों का जल कर, संपत्ति कर, समेकित कर, दुकान का किराया सहित यूजर्स चार्जेस का 31 मार्च 2022 तक के 3 करोड़ 51 लाख 38 हजार रुपए का टैक्स बकाया होने की जानकारी दी गई। इस पर कार्यवाहक अध्यक्ष ने कड़ाई से  टैक्स वसूली करने के निर्देश दिए हैं और बकायादारों की सारी सुविधाओं पर रोक लगाने के लिए कहा है।

गुरुवार को कार्यवाहक अध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने जल, विद्युत, राजस्व विभाग सहित प्लेसमेंट कर्मचारियों की पृथक-पृथक बैठक लेकर समीक्षा की। अध्यक्ष ने काम के दौरान कर्मचारियों को होने वाली परेशानी को भी जाना। इन दौरान राजस्व विभाग प्रभारी दिलीप चंद्राकर ने जानकारी दी कि नागरिकों से 31 मार्च 2022 तक में 3 करोड़ 51 लाख 38 हजार रूपए विभिन्न टैक्स  बकाया है, जिसे वसूल किया जाना है।

प्रभारी ने जानकारी दी है कि संपत्ति कर का 84 लाख 75 हजार, समेकित कर का 57 लाख 53 हजार, जलकर का 1 करोड़ 71 लाख 78 हजार, दुकानों का किराया 2 लाख 29 हजार, यूजर्स चार्जेस के 35 लाख 3 हजार बकाया है। इस पर अध्यक्ष ने सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सोमवार से राजस्व और जल विभाग की संयुक्त टीम को टैक्स वसूली में लगाई जाए। श्री चंद्राकर ने कहा कि किसी भी  व्यक्ति का कोई भी टैक्स बकाया हो तो सारी सुविधाओं पर रोक लगा दी जाए। जरूरत पड़े तो नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही करें और ऐसे  लोगों को टाउन हॉल या फिर पानी टैंकर सहित कोई भी सुविधाएं नगर पालिका से चाहिए तो कोई भी सुविधा न दिया जाए।
श्री चंद्राकर ने बारिश को देखते हुए नगरी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त रखने कहा है।
 


अन्य पोस्ट