महासमुन्द

खबर का असर: बसों में परिवहन विभाग का छापा
15-Jul-2022 3:42 PM
खबर का असर: बसों में परिवहन विभाग का छापा

अधिक किराया वसूलने वाली 11 बसों के खिलाफ चालानी की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई।
‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशित हाइवे पर दौड़ रही प्राइवेट बसों के चालक परिचालक नियमों की अनदेखी कर यात्रियों से दुगुनी किराया वसूलने वाली खबर को बढिय़ा प्रतिसाद मिला है। खबर प्रकाशित होते ही जिला परिवहन अधिकारी ने कई पाइंट पर अपने कर्मचारियों को तैनात कर निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने वाली 11 बसों के खिलाफ चालानी की कार्रवाई की है।

मालूम हो कि प्राईवेट बसों के कंडक्टरों की मनमानी को लेकर  ‘छत्तीसगढ़’ में एक खबर छपी थी। इसमें बताया गया था कि  महासमुंद के चारों दिशाओं की सडक़ों पर दौडऩे वाली निजी कंपनी की बसों में यात्री किराया शासन द्वारा निर्धारित दर से दुगुनी ली जा रही है। कल सुबह जिले के महिला बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सरकारी काम से बसना जा रहे थे। श्री बोदले तुमगांव से बसना के लिए शताब्दी बस सारंगढ़ जाने वाली में बैठे। उनसे कंटडक्टर ने धौंस दिखाकर 130 रुपए किराया वसूली की, जबकि शासकीय दर 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर है। इसका वीडियो और फोटो समेत प्रमाण सुधाकर बोदले ने मीडिया ग्रुप में जारी की थी। इस तरह बसों में ज्यादा किराया लेने की खबरें भी लगातार सरेआम हो रही थीं।

हालांकि विभाग इस वक्त मुस्तैद हैं, लेकिन यात्री बसों में ज्यादा किराया लेकर नियम उल्लंघन की खबरे अभी जारी हैं। इसकी शिकायतें भी हो रही हैं और उनकी शिकायतों पर कल 14 जुलाई को 13 बसों की जांच की गई, जिसमें 11 बसों में यात्रियों से अधिक किराया वसूली करते मिले। जिला प्रशासन के प्रभारी अधिकारी परिवहन, उडऩदस्ता आदि की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।  

 


अन्य पोस्ट