महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई। आज 14 जुलाई से सावन माह की शुरुआत हुई है। शिव के श्रद्धालु आज सुबह से ही शिवालयों में बेल पत्र, दूध आदि लेकर पहुंच रहे हैं। इस तरह आने वाले सोमवार से सावन सोमवारी का उपवास भी शुरू हो जाएगा। इस साल सावन के महीने में 4 सोमवार होंगे।
आज से पूरे एक महीने तक भक्त भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना में लीन रहेंगे। वहीं सोमवार को शिवालयों में विशेष जल, दुग्धाभिषेक होगा। इस दौरान अलग-अलग त्योहार भी पड़ेंगे। प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी शिव भक्त ग्राम बम्हनी से कुंड से पवित्र जल लेकर सिरपुर के लिए रवाना होंगे। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल इस बार सुरक्षा व्यवस्था स्वयं देखेंगे।
महासमुंद जिले में हर साल साव के महीने में शिव भक्तों में उत्साह रहता है। वे कांवर यात्रा करते हैं। सप्ताह के शनिवार से सोमवार शाम तक शिव भक्तों का रास्तेभर पैदल चलना और जलाभिषेक का दौर चलता रहता है। शनिवार को पहली कांवर यात्रा दो साल बाद बम्हनी से निकलकर सिरपुर गंधेश्वर धाम पहुंचेगी। सावन महीने की शुरूआत से ही पुलिस की सुरक्षा सडक़, चौक चाराहों व शिव मंदिरों में रहेगी।
सावन का पहला सोमवार 18 जुलाई को, दूसरा सोमवार 25 जुलाई, तीसरा 1 अगस्त और चौथा 8 अगस्त को रहेगा। इसे अलावा सावन में भगवान शिव जी के दो विशेष प्रदोष व्रत 25 जुलाई व 9 अगस्त को रहेंगे। 25 जुलाई को सोम प्रदोष व्रत का विशेष संयोग रहेगा। धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में प्रतिवर्षानुसार इस बार भी सावन माह की शुरुआत के साथ सवा तीन लाख महामृत्युंजय मंत्र जाप की तैयारी है। आयोजन के संदर्भ में आयोजक सिन्हा परिवार से योगेश्वर राजू सिन्हा ने बताया कि उक्त आयोजन उनके बीटीआई रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट परिसर में श्रावण कृष्ण पक्ष 14 जुलाई दिन गुरूवार से श्रावण शुक्ल पक्ष पूर्णिमा 12 अगस्त शुक्रवार को होगा। जिसमें आचार्य पं.जवाहर लाल त्रिवेदी एवं एकादशी विद्वान द्वारा सवा तीन लाख श्री महामृत्युजय मंत्र कर जय वेदी पूजा, पार्थिव पूजा, रुद्राभिषेक तथा प्रतिदिन हवन का आयोजन होगा। उन्होंने अधिकतम संख्या में उपस्थिति की अपील की है।