महासमुन्द
एक मामले का आरोपी फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई। कल 13 जुलाई को बसना और सिंघोड़ा पुलिस ने अलग-अलग स्थान पर वाहनों की तलाशी लेकर 25 लाख रुपए का गांजा बरामद किया है। इसमें से एक मामले का आरोपी अभी तक फरार है। पहले मामले में बसना पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक कार से 1 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी रायपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार एक कार ओडिशा से महासमुंद की ओर तेज रफतार से आ रही थी। उक्त संदिग्ध वाहन को बसना थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग-53 में नाकेबंदी कर रोका गया। कार में वार्ड नं0 35 दुर्गा नगर बिरगांव थाना उरला रायपुर निवासी नाम श्यामदेव कहार 32 साल सवार था। कार में तलाशी व पूछताछ के समय आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा। टीम को संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई तो कार की पिछले सीट पर तीन सफेद रंग बोरी, जिसमें 100 किलो गांजा मिला है।
दूसरे मामले में महासमुंद सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 गनियारीपाली श्यामढाबा के पास वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की कार से 25 किलो गांजा बरामद किया है लेेकिन इस मामले में आरोपी को पकडऩे में पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। तस्करों ने पकड़े जाने के डर से कार को चेकिंग प्वाईट से 100 मीटर पहले ही छोडक़र फरार हो गए। पुलिस ने 25 किलो गांजा व बिना नंबर की कार को जब्त कर लिया है। इसमें जब्त गांजा की कीमत 5 लाख एवं कार की 5 लाख रुपए आंकी गई है। सिंघोड़ा थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि अंतरराज्यीय चेक पोस्ट एनएच 53 रोड ग्राम गनियारीपाली श्यामढाबा के सामने कार मिली जिसमें 25 किलो गांजा था।