महासमुन्द

मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े, जिला अस्पताल में मरीजों की कतार, कोरोना जांच भी
14-Jul-2022 3:31 PM
मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े, जिला अस्पताल में मरीजों की कतार, कोरोना जांच भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई।
महासमुंद जिले में पिछले कई दिनों से रोजाना बारिश हो रही है। मानसून जिले में पूरी तरह से सक्रिय है और रोजाना वर्षा हो रही है। मानसूनी वर्षा ने लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाला है और लोगों को मौसमी बीमारियां हो रही हैं। जिला मुख्यालय के मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में पिछले सप्ताह भर में सर्दी,खांसी, उल्टी व दस्त की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से सर्दी-खांसी के प्रबल सिम्टम्स वाले मरीजों की कोविड जांच भी की जा रही है, जिनमें से अधिकांश निगेटिव आ रहे हैं और उनका इलाज किया जा रहा है और वे स्वस्थ भी हो रहे हैं। दूसरी ओर उल्टी-दल्त के गंभीर मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा है। पिथौरा सीएचसी में 24 घंटे में करीब 22 मरीज उल्टी दस्त के भर्ती किए गए। इनमें से अधिकतर कोसमर्रा गांव के बताए गए हैं।

बताना जरूरी है कि मेडिकल कॉलेज महासमुंद में चर्म रोग का इलाज भी हो रहा है। इनमें भी मरीज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्कीन ओपीडी में पहुंच रहे हैं। हालांकि इनकी संख्या अभी कम ही हैं, लेकिन वे इन दिनों मानसूनी स्कीन समस्या को लेकर पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि मानसूनी पानी से स्कीन में कई तरह ही समस्याएं होती हैं। इसके प्रति लोगों में कम जागरूकता होती है। वहीं इससे बचाव के लिए बारिश में भींगने के बाद भी अच्छी तरह से शरीर को पानी व साबुन से साफ करना और गीलेपन से दूर रहने की सलाह देते हैं।

मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के मेडिसीन विभाग के चिकित्सक डॉ. कुलवंत सिंह अजमानी के मुताबिक मानसून के सक्रिय होते ही मौसमी बीमारी के केस यहां बढ़े हैं। यहां रोजाना ओपीडी में 50 से अधिक की संख्या में सर्दी, खांसी और उल्टी, दस्त के मरीज आ रहे हैं। इनमें से गंभीर उल्टी, दस्त के मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। हालांकि एक ही स्थान से या फिर बहुत ज्यादा अभी उल्टी,दस्त के केस नहीं आ रहे हैं।

डॉ. अजमानी के मुताबिक मौसमी बीमारी से बचाव के संबंध में डा. के एस आजमानी बताते हैं कि जाहिर सी बात है बारिश में भींगने से सर्दी-खांसी की समस्या होती है। इससे लोगों को बचना चाहिए। साथ ही इन दिनों घर में साफ. सफाई के साथ-साथ भोजन सुपाच्य, नरम व गर्म ही खाएं और पानी भी स्वच्छ व फिल्टर करके पीएं। इसके साथ ही मानसूनी सीजन में घर में ओआरएस घोल रखें और स्वास्थ्य बिगडऩे पर इसका सेवन करें।
 


अन्य पोस्ट