महासमुन्द

सडक़ की मांग को ले कलेक्टर से मिलने पहुंचे कंचनपुर के स्कूली बच्चे
29-Jun-2022 2:50 PM
सडक़ की मांग को ले कलेक्टर से मिलने पहुंचे कंचनपुर के स्कूली बच्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जून।
पिथौरा विकासखंड के कंचनपुर ग्रामवासी व स्कूली बच्चे मांग को लेकर दोपहर दो बजे कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई।
ये बच्चे गांव वालों के साथ जर्जर सडक़ को ठीक करने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे थे। पिछले 40 से 50 साल तक गांव के सडक़ की हालत इतनी खराब है कि बच्चों को स्कूल आने जाने में बहुत परेशानी होती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि समस्या दूर नहीं हुई तो एनएच में उग्र आंदोलन करेंगे।

ग्रामवासियों ने बताया कि कंचनपुर से सांकरा,कंचनपुर से पंड्रीपानी, कंचनपुर से पौसराडीपा तक पहुंच मार्ग बहुत ही खराब है। जर्जर मार्ग की मरम्मत व निर्माण के लिए कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगा चुके है,  लेकिन आज तक निर्माण नहीं हुआ और ना ही मरम्मत।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में बच्चों की पढ़ाई बंद हो जाती है, क्योंकि इस मार्ग में इतने गड्ढे व नाला है कि पानी भर जाता है। इसके कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। कई बच्चे तो इसी कारण पढ़ाई भी छोड़ चुके हैं।
 


अन्य पोस्ट