महासमुन्द

चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाशते युवक गिरफ्तार
28-Jun-2022 3:53 PM
चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाशते युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून।
चोरी की बाइक को बेचने के लिए सागरपाली से सरायपाली आ रहे एक  युवक को पुलिस ने सोमवार को बालसी नाले के पास सरायपाली में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की तीन बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ  मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

मामला सरायपाली थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि सागरपाली से एक बिना नंबर वाली चोरी की बाइक बेचने बसना के ग्राम बैगनडीह निवासी कमल सिदार (40) सरायपाली आ रहा है। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन के दस्तावेज मांगने पर वह नहीं दिखा पाया। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने वाहन चोरी का होना बताया। उसे जब्त कर पूछताछ के दौरान उसके पास चोरी की दो और बाइक होने की बात कही। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो बाइक जब्त की। बरामद वाहनों की कीमत 1 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि तीन बाइक बरामद की है, जिसके गाड़ी का नंबर नहीं है। बिना नंबर की बाइक को चोरी कर छुपाकर अपने घर में रखा था। पिछले कई दिनों से आरोपी क्षेत्र में बाइक चोरी कर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। आरोपी अपने बाइक को बेच पाता इससे पहले ही पकड़ा गया।
 


अन्य पोस्ट