महासमुन्द

शिक्षिका देर से आती हैं, पालकों ने जड़ा ताला
23-Jun-2022 6:07 PM
शिक्षिका देर से आती हैं,  पालकों ने जड़ा ताला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जून।
महासमुुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम हाड़ाबंद में प्राथमिक स्कूल की सहायक शिक्षिका को हटाने के लिए बुधवार की सुबह पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया था। 

सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों को सहायक शिक्षिका को हटाने का आश्वासन दिया। बीईओ के पहुंचने के पूर्व स्कूल में ताला जड़ दिया गया था और बच्चे स्कूल परिसर में पेड़ के नीचे पढ़ाई कर रहे थे।

इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलनारायण वर्मा का कहना है कि तालाबंदी की सूचना मिली थी और सूचना पर स्कूल पहुंचकर स्कूल को खुलवाया। यहां पदस्थ सहायक शिक्षिका निर्मला दीवान के रवैये से पालक व ग्रामीण परेशान हैं। 

ग्रामीणों ने शिकायत थी कि शिक्षिका समय पर स्कूल नहीं आती और अपनी मर्जी से बच्चों की छुट्टी समय से पहले स्कूल से चली जाती है।
 


अन्य पोस्ट