महासमुन्द

चालक को जंगल में पेड़ से बांध 9 लाख से भरा बैग ले भागे चोर
23-Jun-2022 5:31 PM
चालक को जंगल में पेड़ से बांध  9 लाख से भरा बैग ले भागे चोर

वसूली का काम पूरा कर रायपुर जा रहा था सेल्समैन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 23 जून।
महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 353 एमके बाहरा व खल्लारी के बीच सेल्समेन व चालक से दिन दहाड़े 9 लाख रुपए लूट का मामला सामने आया है।

कहा जा रहा है कि लुटेरों ने सेल्समेन व चालक को पेड़ से बांध दिया और कार में रखे पूरे 9 लाख रुपए वाली बैग लेकर फ रार हो गए। लूट की घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस को इस मामले में संदेह है लिहाजा इसके एक-एक पहलुओं की बारीकी से जांच जारी है।

मामले में राजधानी रायपुर में एक घड़ी कारोबारी के सेल्समेन लक्ष्मीनाराण देवांगन ने पुलिस को बताया है- लक्ष्मीनारायण देवांगन कार क्रमांक सीजी 04 एच ए 8762 में चालक संतोष साहू के साथ पिछले एक सप्ताह से वसूली कर व दुकानदारों को सामान छोडऩे के लिए निकला था। 

आसपास के इलाके से वसूली के बाद बुधवार को खरियार रोड से रायपुर की ओर जा रहा था। बैग में वसूली के करीब 9 लाख रुपए थे। खल्लारी व एमके बाहरा बीच मेरी कार पहुंची थी कि आरोपियों ने मेरे कार को पीछे से ओवरटेक कर अपनी बोलेरो कार के सामने लाकर अड़ा दी। हमने अपनी कार भी रोक दी। फिर आरोपियों ने खुद को पुलिस बताकर कार में गांजा रखे हो कहते हुए हमारी कार की तलाशी ली। इसके बाद आरोपियों में से एक ने हमें अपनी बोलेरो में बिठाया और उसके साथियों ने हमारी कार को लेकर जंगल के अंदर घुस गए। वहां उन्होंने हम दोनों (सेल्समैन व चालक) को पेड़ में बांध दिया और कार में रखे रुपए से भरे बैग लेकर फ रार हो गए।

पुलिस को सेल्समैन की ओर से बताई गई कहानी पच नहीं रही है। इसलिए सेल्समैन के बताए अनुसार उसकी हर बातों पर गौर कर जांच.पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा बोलेरो के आने व सेल्समेन की कार आने के सीसीटीवी फुटेज खल्लारी थाने से लेकर खरियार रोड तक खंगाली जा रही है। जिला पुलिस के आलाधिकारी भी जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित कई बिंदुओं के माध्यम से मामले की जांच कर रही है। प्रार्थियों से भी लगातार पूछताछ कर रही है। 

सेल्समैन ने पुलिस को यह भी बताया-बोलेरो में 5 लोग सवार थे। इसमें से चार ने मुंह पर रूमाल बांध रखा था। इससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। वहीं चालक का मुंह खुला था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बोलेरो में बैठे और फ रार हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच में जुटी हुई है। इस मामले में पुलिस को न तो आरोपियों का सुराग मिला है और ना ही इस घटना की पुष्टि हो पाई है। 

खल्लारी थाना प्रभारी अशोक वैष्णव का कहना है कि प्रार्थी के बताए अनुसार मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे उक्त घटना को अंजाम देने वालों तक पहुंचने का प्रयास पुलिस कर रही है। बहरहाल इस मामले में अभी एफआईआर तस्दीक पूरी होने के बाद ही करने की बात कही जा रही है। घटना स्थल से लेकर आसपास इलाके तक पुलिस की टीम लगातार सघन जांच कर रही है।
 


अन्य पोस्ट