महासमुन्द
महासमुंद, 22 जून। काष्ठ शिल्पकार दिलहरण सिन्हा ने मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन के दौरान कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर को छत्तीसगढ़ी राजगीत लिखा खम्हार लकड़ी का बोर्ड भेंट किया। कलेक्टर ने उनको धन्यवाद कहा और उनके कला की तारीफ की। दिलहरण के साथ उनकी पत्नी कलिंदरी भी थीं। वे राजधानी रायपुर से आए थे। कलेक्टर के पूछने पर उन्होंने बताया कि पहले वो राज्य के विभिन्न शहरों में सडक़ किनारे लकड़ी से निर्मित चाबी की रिंग बेचा करते थे। बाद में प्रशिक्षण लेकर विभिन्न रचनाकारों, साहित्यकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ राजगीत, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत सहित अन्य लकड़ी को काटकर अक्षर बनाकर पिरोते हैं। उन्होंने अब तक विधानसभा अध्यक्ष से लेकर अलग-अलग जिलों में ऐसे ही लकड़ी बोर्ड भेंट किए हैं। कलेक्टर ने उनके काम की तारीफ की और अधिकारियों को भी जरूरत के मुताबिक इस तरह की लकड़ी की बोर्ड बनवाने की बात कही।