महासमुन्द
कहा-गोबर की खरीदी प्रथम बार छत्तीसगढ़ में हुई है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुन्दर दास कल अचानक महासमुंद जिले के सराईपाली विकासखंड स्थित ग्राम सोनपुरी में संचालित मां भगवती बहुउद्देशीय गौशाला पहुंचे। यहां संचालन समिति के लोगों ने उनका तिलक लगाकर गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संपूर्ण गौशाला परिसर का भ्रमण कर अवलोकन किया। मालूम हो कि यह गौशाला अत्यंत दुर्गम स्थान पर पहाड़ों एवं नालों से घिरा हुआ है। यहां छायादार एवं फलदार वृक्ष सघन रूप से लगाए गए हैं। यहां का वातावरण अत्यंत ही रमणीक है।
राजेश्री से संचालन समिति ने आवागमन के लिए बरसाती नाले में पुल निर्माण की मांग भी की। इस पर उन्होंने ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ राज्य में भूपेश बघेल की सरकार बनी है, तब से गौ सेवा के क्षेत्र में उत्तरोत्तर सुधार हुआ है। यह क्रम अभी भी जारी है। गौ सेवा आयोग के द्वारा पूर्ववर्ती सरकार में पंजीयन के कार्य में आने वाली कठिनाइयों को भी सरलीकरण किया है। जिससे अब पंजीयन काफी आसानी से हो जाता है।
उन्होंने पशुपालकों और ग्रामीणों से कहा कि आप दुर्गम क्षेत्र में गौ माता की सेवा कर रहे हैं। आने वाले समय में शीघ्रता पूर्वक आपके इस गौशाला का पंजीयन किया जाएगा। बरसाती नाले में पुलिया निर्माण की मांग संबंधित विभाग के समक्ष रखूंगा। ताकि आप और मवेशियों को आने-जाने में किसी भी तरह की तकलीफ का सामना करना ना पड़े। यथाशीघ्र यहां पर पुलिया का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि पहले गोबर का उपयोग केवल इंधन के लिए कंडे के रूप में होता था। लेकिन अब इससे गोबर के लकड़ी, दीपक, अगरबत्ती, मूर्तियां आदि अनेक तरह की वस्तुओं का निर्माण हो रहा है। गोबर की खरीदी विश्व के इतिहास में प्रथम बार छत्तीसगढ़ में हुई है। गोबर से पेंट का निर्माण हो रहा है। गोमूत्र के खरीदी की भी योजना सरकार ने बना ली है। गौ सेवा के क्षेत्र में इतनी संभावनाएं होगी इसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी। हम सबको मिलकर अभी और अधिक प्रयत्न करना है और अपने राज्य को उत्कृष्टता की श्रेणी पर ले जाना है।
उन्होंने कहा कि गाय विश्व की सर्वोत्कृष्ट प्राणियों में से एक है। इनकी सेवा से हमारा लोक और परलोक दोनों संवर जाता है। इस अवसर पर गौशाला समिति के सभी पदाधिकारी, गायत्री मिशन की प्रथम सेविका सरला कोसरिया, गौ सेवा आयोग से डॉक्टर अमित जैन, दीपक शर्मा, नरेंद्र राणा, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित अनेक गणमान्य जन, पुलिस प्रशासन के लोग एवं स्थानीय पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर उपस्थित थे।