महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। तुमगांव से होकर गुजरने वाली हाईवे स्थित गांव खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह के कृषि भूमि,वन भूमि,गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगने के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से किसानों द्वारा छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह चल रहा है। कल अखंड धरना सत्याग्रह के 115 वें दिन बरसते पानी में भी 35 किसान, जवानों ने भाग लिया।
कल इस अखण्ड सत्याग्रह का नेतृत्व चैनूराम साहू, नंदकिशोर यादव, डेविड चंद्राकर, नंदलाल सिन्हा, बिसरु सिन्हा ने किया। अखण्ड सत्याग्रह की सभा को नंद किशोर यादव, उदयराम चंद्राकर, चैनूराम साहू, दशरथ लाल सिन्हा, नाथू राम सिन्हा, बंशीराम यादव, डेविड चंद्राकर, रमेश विश्वकर्मा, बिसरु राम सिन्हा आदि ने संबोधित किया। इस दौरान चैनूराम साहू ने कहा कि जिस प्रकार से हमारे सत्याग्रही किसानों ने भीषण गर्मी, लू के कहर को झेलते हुए 115 दिनों से निरंतर संघर्षरत हैं। अब मूसलाधार वर्षा एवं आंधी को भी झेलते रहेंगे। जब तक प्रस्तावित करणी कृपा पावर प्लांट निरस्त न हो जाए तब तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा।
नंद किशोर यादव ने कहा कि गैरकानूनी ढंग से करणी कृपा प्लांट के विरोध में नेशनल हाईवे में भगवान सदाशिव की मूर्ति स्थापना कर 25 फरवरी 2022 को शंखनाद किया गया। उसी प्रकार से भ्रष्ट उद्योगपति और नौकरशाहों का रावणराज्य खत्म कर रामराज्य की स्थापना होते तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। डेविड चंद्राकर ने कहा कि जब तक करणी कृपा प्लांट का निर्माण निरस्त नहीं हो जाता तब तक सत्याग्रह स्थल पर ही रथयात्रा, हरेली त्योहार, पोला, तीजा और जन्माष्टमी का त्योहार भी आंदोलन स्थल पर ही मनाएंगे।