महासमुन्द

महासमुंद नपा में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उठापटक जारी
20-Jun-2022 2:58 PM
महासमुंद नपा में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उठापटक जारी

कांग्रेसी पालिका में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए  हस्ताक्षरयुक्त आवेदन कलेक्टर को सौंपने की तैयारी में

आप के नेता अपने पार्षद के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून।
नगर पालिका महासमुंद में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उठापटक का दौर जारी है। पिछले दो दिनों से पालिका के अधिकांश पार्षद शहर से बाहर हैं और किसी का भी संपर्क मोबाइल अथवा अन्य माध्यमों से नहीं हो रहा है। गायब पार्षदों में एक आम आदमी पार्टी की पार्षद शोभना यादव भी शामिल हैं।

शोभना के पति भी शोभना के साथ गायब हैं और संपर्क न होने तथा नगरपालिका में तख्तापलट की राजनीति के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के जिला स्तरीय नेता अपने पार्षद के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराने के फिराक में हैं। जबकि आज ही कांग्रेस दल के तमाम नेता पालिका में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए एक हस्तायुक्त आवेदन कलेक्टर को सौंपने की तैयारी में हैं।

दूसरी ओर अविश्वास प्रस्ताव जैैसी स्थिति से निपटने के लिए भाजपा ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रदेश संगठन भी अलर्टमोड पर हैं। कल शनिवार को ही रायपुर से संगठन के वरिष्ठ नेता और रायपुर नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा को आनन-फ ानन में महासमुंद भेजा गया। कई पार्षदों से उनसे अकेले में बातचीत की और बैठक के दौरान पार्षदों ने नगर पालिका की स्थिति को लेकर काफ ी नाराजगी जाहिर की।

शहर के भाजपा पार्षदों ने प्रफुल्ल विश्वकर्मा से बंद कमरे में अकेले में भी चर्चा की और स्थिति को लेकर अपनी बातें स्पष्ट की। कहा तो यह भी जा रहा है कि बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रफुल्ल विश्वकर्मा को फोन के जरिए उन पार्षदों से भी बात कराया, जो शहर से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि जो पार्षद शहर से बाहर हैं, उन्होंने प्रफुल्ल विश्वकर्मा को निजी कारणों से अन्य स्थान पर होने का हवाला दिया है।  बैठक के बाद भाजपा नेताओं का कहना था कि हम सभी भाजपा के सिपाही हैं। हमारे परिवार में मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं हो सकता।
 


अन्य पोस्ट