महासमुन्द
महासमुंद,19 जून। आम आदमी पार्टी महासमुंद के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने केंद्र की मोदी सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए कहा है कि यह योजना देश के करोड़ों नौजवानों के साथ धोखा है जो भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देख रहें हैं या जो तैयारी कर रहें हैं।
हिंदुस्तान की फौज आज भी दुनिया की बेहतरीन फौज है। इस बेहतरीन फौज को मोदी जी कमजोर फौज बनाने की प्लानिंग कर रहें हैं। फौज किराये पर देना गलत है। 17 साल में भर्ती के बाद 21 साल में उस युवा को रिटायर कर दोगे। अग्निपथ योजना में चार साल की नौकरी के बाद युवाओं को बेरोजगार बना दिया जायेगा। कुछ देश विरोधी ताकतें इनका देश के खिलाफ गलत उपयोग भी कर सकते हैं।
इनका कहना है कि केंद्र सरकार को अग्निपथ योजना वापिस लेनी चाहिए और जब तक युवा सक्षम हैं तब तक स्थायी नौकरी की गारन्टी युवाओं को देना चाहिए। उन्होंने बताया कि सडक़ से लेकर संसद तक आने वाले दिनों में इस योजना का जो युवाओं के साथ मोदी सरकार विश्वासघात कर रही है उसका आम आदमी पार्टी लोकतान्त्रिक तरीके से हर जगह आवाज उठाएगी और विरोध दर्ज करेगी।