महासमुन्द

महासमुंद नपा में उलटफेर की कोशिशें तेज, कलेक्टर को कल सौंपेंगे पार्षद हस्ताक्षरयुक्त अविश्वास प्रस्ताव
19-Jun-2022 4:31 PM
महासमुंद नपा में उलटफेर की कोशिशें तेज, कलेक्टर को कल सौंपेंगे पार्षद हस्ताक्षरयुक्त अविश्वास प्रस्ताव

शहर के कई पार्षद अचानक शहर से गायब, मोबाइल भी बंद

देर रात भाजपा की आपात बैठक हुई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जून।
महासमुंद नगर पालिका में उलटफेर की कोशिशेें तेज हो चुकी हैं और कल सोमवार को कलेक्टर के समक्ष पार्षदों के हस्ताक्षर किया हुआ अविश्वास प्रस्ताव को सौंपने की तैयारी है। खबर है कि शुक्रवार और कल शनिवार को पूरे दो दिनों में शहर के कई पार्षद अचानक शहर से गायब हो गए हैं। गायब पार्षदों के फोन नंबर भी बंद हैं और कोई नहीं बता सक रहा है कि वे इस वक्त कहां हैं। इनमें कांग्रेस के साथ भाजपा के पार्षद भी शामिल बताए जा रहे हैं। जितने पार्षद शहर में दिखाई दे रहे हैं वे भी दबी जुबान से यही बात कर रहे हैं कि कुछ तो होने वाला है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस सहित 17 पार्षदों को अपने पास रखा है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए कांग्रेस को दो तिहाई बहुमत हासिल करना होगा।

इसे लेकर शनिवार की रात भाजपा की आपात बैठक बुलाई गई। इस बैठक में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, भाजपा महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल थे। बैठक देर रात तक जारी रही और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव लाने के पहले पार्षदों का एक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन कलेक्टर को सौंपा जा चुका है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद से भारतीय जनता पार्टी में हलचल मची हुई है।

मालूम हो कि वर्तमान में महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर भाजपा का है और उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर कांग्रेस से हंै। अभी कुछ दिनों पहले से महासमुंद पालिका में काबिज होने के लिए कांग्रेस में अंदरूनी तौर पर तैयारियां शुरू हुई है। कांग्रेस के कुछ कद्दावर नेता इसे लेकर तैयारी में लगे हुए थे। सप्ताहभर पहले ही नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया भी कुछ घंटों के लिए महासमुंद पहुंचे थे। यहां उन्होंने विश्राम गृह में कांग्रेस के पार्षदों के साथ करीब 2 घंटे तक बैठक की थी।

महासमुंद नगर पालिका में चुनाव के बाद जो स्थिति थी उसके अनुसार भाजपा के पास 14, कांग्रेस के पास 8, जोगी कांग्रेस से 2, आम आदमी पार्टी से 1 और 5 निर्दलीय पार्षद थे। लेकिन वर्तमान हालात में 5 निर्दलीय पार्षद में से 2 भाजपा में शामिल हो चुके हैं। वहीं तीन निर्दलीय के साथ जोगी कांग्रेस के दो पार्षद कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। ऐसे में वर्तमान स्थिति में भाजपा के पास 16, कांग्रेस के पास 13 और 1 पार्षद आम आदमी पार्टी से है।

इस तरह महासमुंद नगर पालिका परिषद में बीजेपी का कब्जा है। वहीं कांग्रेस विपक्ष में बैठी है। सूत्रों की मानें तो बीजेपी के नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर के खिलाफ  कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए कमर कस चुकी है।
बीजेपी भी अपने पार्षदों को साधने में जुटी हुई है पर सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस नेता बीजेपी के कुछ पार्षदों के संपर्क में हंै और वो भी बीजेपी अध्यक्ष के विरुद्ध जाकर कांग्रेस को अपना समर्थन दे सकते हैं। वैसे भी पूरे बीजेपी के कुछ पार्षद वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष से खफ ा हैं, और इस बात का डर अब बीजेपी के नेताओं को भी सता रही है।
 


अन्य पोस्ट