महासमुन्द
महासमुंद,17 जून। अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलटने से ट्रैक्टर में बैठे युवक की दबने से मौत हो गई। घटना पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरेकेल खुर्द 15 जून की है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पीएम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरेकेल खुर्द थाना पिथौरा निवासी देवसिंह यादव बुधवार 15 जून को दोपहर दो बजे खाद फेंकने गांव के दिलीप ठाकुर के खेत में ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 जीसी 8711 में सवार होकर चालक के साथ जा रहा था। चालक ने लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाते हुए पलटा दिया। इससे ट्रैक्टर के नीचे देवसिंह यादव दब गया। आसपास के लोगों ने देवसिंह को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए पिथौरा अस्पताल पहुंचाया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर के अंदरुनी व सिर में गंभीर चोट की वजह से मौत की बात डाक्टरों ने कही है।