महासमुन्द
मिनी जलाशयों की भी स्थिति भी बेहद खराब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 जून। भीषण गर्मी पडऩे और बारिश नहीं होने की वजह से जिले के जलाशयों में पानी का दायरा सिमट चुका है। क्योंकि धूप की वजह से जलाशयों का पानी रोज घट रहा है और बारिश की एक बूंद भी वहां जमा नहीं है। पिछले साल इस अवधि तक जलाशयों में बारिश के पानी की आवक शुरू हो गई थी। वर्तमान में कोडार व केशवा जलाशय में 7-8 प्रतिशत ही पानी बचा है। जिला स्थित मिनी जलाशयों की भी स्थिति इस साल खराब है। सभी में मात्र 20 प्रतिशत तक ही पानी है। जून के 16 दिन बीत गए, लेकिन कैचमेंट एरिया बिल्कुल सूखा है।
पिछले तीन सालों के आकड़ों पर यदि नजर डालें तो 16 जून तक बारिश से जलाशयों में पानी की आवक शुरू हो जाती थी और जलाशयों में 2 से 3 फीट व मिनी जलाशयों में 5 से 10 फीट तक पानी आ जाता था। लेकिन इस बार 16 जून तक पारा चढ़ा ही रहा। बीचे 14 जून को पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अफसरों का कहना है कि मानसून दस्तक दे चुका है। आने वाले दिनों में तेज बारिश की संभावना है।
गौरतलब है कि कोडार जलाशय से 16 हजार 754 हेक्टेयर खेतों में सिंचाई होती है। खरीफ सीजन में पानी कम होने के बाद भी साढ़े 14 हजार हेक्टेयर तक सिंचाई की गई थी। इसके बाद निस्तारी के लिए पानी को बचाकर रखा गया था। वहीं केशवा जलाशय से भी साढ़े 9 हजार हेक्टेयर की सिंचाई होती है। खरीफ सीजन में इस बार 7500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हुई। कहा जा रहा है कि माइनर की मरम्मत नहीं होने के कारण पूरे हेक्टेयर में सिंचाई नहीं हो पाई। वहीं रबी सीजन में भी खेत सूखे रहे।