महासमुन्द
झलप क्षेत्र में 20 से 25 जगहों पर बिजली के खम्भे गिरे
कई पेड़ धराशायी, कुछ की शाखाएं टूटीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जून। बुधवार सुबह का मौसम आम दिनों की तरह रहा लेकिन दोपहर के बाद मौसम ने मिजाज बदला। महासमुंद नगर में जहां काले बादल छाए और ढाई बजे करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई। तेज हवा चली। बाद में मौसम सामान्य हुआ। जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर झलप में तेज अंाधी चलने की खबर है। इस क्षेत्र में आंधी बारिश से क्षेत्र के कई पेड़ व बिजली के खंभे धराशायी हुए।
झलप के टिकरापारा निवासी शशि मिश्रा के घर आंगन में लगा जामुन का पेड़ उनके टीन टप्पर युक्त मकान पर जा गिरा। इससे उसे आर्थिक क्षति हुई। बताया जा रहा है कि मौसम के बदले तेवर को भांपकर महिला घर के भीतर सुरक्षित व मजबूत छप्पर के नीचे ही थी। लिहाजा पेड़ गिरने से उन्हें चोटें नहीं आई है, लेकिन छप्पर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
छग राज्य विद्युत वितरण कम्पनी के पिथौरा कार्यपालन यंत्री मनहरण लाल साहू ने बताया कि बुधवार दोपहर हुई बारिश व अंाधी से झलप क्षेत्र में 20 से 25 स्थानों पर बिजली का खम्भा गिरा है। गश्त दल से रिपोर्टिंग ली जा रही है। सुधार कार्य आज गुरूवार सुबह से ही शुरू होना बताया है। उन्होंने कहा कि बुधवार दोपहर से लगे गश्ती दल से जितना संभव हुआ, प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जानकारी मिली है कि कल इसी दौरान जिले के कई गांवों में हरे भरे पेड़ जड़ से उखड़ गये कई पेड़ों की शाखाएं टूट गईं। बार चौक में एक बाइक पर पेड़ गिरा, टिकरापारा में एक मकान पर, कई जगह के बिजली के तार व खम्भों में पेड़ गिरा। हाइवे के किनारे भी पेड़ गिरे। हालांकि पेड़ और शाखा गिरने से कहीं भी आवागमन बाधित नहीं हुआ। विद्युत औपूर्ति बाधित हुई और सुबह बहाल कर दी गई।