महासमुन्द
कबीर जयंती उत्साह के साथ मनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 जून। कर्मा सदन बिरकोनी में मंगलवार को सतगुरू कबीर जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। जयंती में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामकुमार साहू ग्रन्थ मण्डली महासमुंद ने कहा कि मनुष्य को इस संसार में जो सत्य का रास्ता दिखाए,वही उनके लिए गुरू होता है। गुरू के बिना जीवन सार्थक नहीं हो सकता। कबीर दास जी ने जीवन को एक ऐसी दिशा दी, जिसके चलते उनके ज्ञान के प्रकाश से पूरा संसार प्रकाशवान हो गया। अगर उनके बताये रास्ते पर हम चलेंगे तो जीवन की सारी कठिनाइयां आसानी से सरल होकर जीवन सुखमय एवं शांतिमय होगा।
राम कुमार साहू ने कहा कि गुरू की महिमा अपरमपार होती है। गुरू वही होता है जो जीवन की हर कठिनाइयों को दूर कर मानव जीवन को सुगम बना देता है। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। हर मनुष्य को अपने गुरुओं का सम्मान करना चाहिए। गुरू सदैव पूजनीय हैं। उनके वाणी.वचन आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने कि छह सौ पच्चीस साल पहले थे।
इस अवसर पर आरती के बाद खीर-पूड़ी का प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही कबीरपंथीजन का सामूहिक भोज भी हुआ। इस अवसर पर पुनीत राम साहू, कल्याण दास साहू, नोहर दास साहू, तारेन दास साहू, ज्ञान दास साहू, हेमलाल साहू, दूजेंद्र साहू, रेखन साहू, पोषण साहू, सालिकराम साहू, जीवन साहू, पवन साहू सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे उपस्थित थे।
संत कबीर की वाणी अब भी प्रासंगिक
इसी तरह स्थानीय रायपुर रोड स्थित श्रीकबीर मंदिर में साधुवृंदों व कबीर पंथियों की मौजूदगी में कबीर जयंती मनाई गई। इस मौके पर बुरहानपुर मप्र से पहुंचे अमोही साहेब व उनकी साधु मंडली ने कबीर के बीजक दोहों का गुणगान करते हुए आज के समय में कबीर साहेब के वचनों को समसामयिक बताया। साथ ही कहा कि मनुष्य व समाज के जीवन में कबीर के सिद्धांत अब भी प्रासंगिक है। साहेब ने कहा कि सद्गुरू कबीर साहेब मानवतावादी, विवेकवादी और आध्यात्मवादी संत थे। मनुष्य उदारचेता के कारण मानवतावादी प्राणी है।
इसी तरह सम्प्रदायभेद के बारे में उन्होंने बीजक दोहों का उदाहरण देते हुए कहा कि मानवता में संकीर्णता आने के कारण मनुष्य के तीन भाग कर दिए गए। वर्णभेद और लिंग भेद और सम्प्रदायभेद में इन तीनों भेदों को सही मायने में सदगुरू कबीर साहेब ने हटाया। प्रवचन का लाभ लेने आसपास से प्रवचन प्रेमी पहुंचे थे।
श्री कबीर मंदिर के व्यवस्थापक जितेंद्रदास साहेब ने बताया कि कबीर जयंती के अवसर पर पास में ही कबीर चौक का लोकार्पण कबीरपंथी समाज की उपस्थिति में अमोही साहेब ने किया। प्रवचन के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया।