महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 जून। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली नम्रता जैन के निर्देश पर तथा जनपद पंचायत सरायपाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जीडी सोनवानी के मार्गदर्शन में बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कलेण्डा सी में जन चौपाल शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत कलेण्डा सी, भगत सरायपाली, रक्शा और उनके आश्रित ग्राम शामिल थे। शिविर में कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 15 आवेदनों का निराकरण शिविर में ही किया गया। इनमें राजस्व विभाग को 19, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग को 10, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग एवं उद्यान विभाग को 01-01, शिक्षा विभाग को 05 आवेदन प्राप्त हुए। जिसे तत्काल निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा 12 किसान ऋण पुस्तिका जारी कर प्रदाय किया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मिनीकीट का वितरण किया गया। इस दौरान जनपद पंचायत सरायपाली की अध्यक्ष कुमारी भास्कर, जनपद उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, सरपंच चमेली पांडे, एवं उषा पटेल उपस्थित थीं।
इस दौरान शिविर में किसानों को 11 पैकेट उड़द, 04 पैकेट मक्का बीज तथा 10 किसान विकास पत्र का वितरण किया गया। नागरिकों से प्राप्त आवेदनों, शिकायतों, मांग के निराकरण के लिए विकासखण्ड स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी.कर्मचारी उपस्थित थे।