महासमुन्द

एसडीएम कार्यालय के रीडर का रिश्वत लेते वीडियो फैला, रीडर गायब
16-Jun-2022 1:51 PM
एसडीएम कार्यालय के रीडर का रिश्वत लेते वीडियो फैला, रीडर गायब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 16 जून।
बुधवार सुबह से ही राजस्व कार्यालय के रीडर रोशन सोनी का किसान से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल हो रहा है। रिश्वत लेते वीडियो के बाद एसडीएम बागबाहरा ने रीडर के खिलाफ एक शो कास नोटिस जारी किया है।

ज्ञात हो कि ब्लॉक मुख्यालय से 15 किमी दूर स्थित गांव अमलीडीही के किसान जगदीश निषाद द्वारा अपने 95 डिसमिल जमीन के डायवर्सन के लिए राजस्व कार्यालय में आवेदन किया, जहां जमीन के डायवर्सन के लिए एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर रोशन सोनी के द्वारा किसान से 80 हजार रुपये की मांग की गई। किसान द्वारा कुछ दिनों बाद अपने 3 एकड़ खेत को रेग पर रख 30 हजार उधार में लाकर रीडर रोशन सोनी को दिया, उसके बाद भी रोशन सोनी द्वारा मैडम एवं सर के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग कर बाकी पैसे को बाद में देने की बात कही। आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने उसका रिश्वत लेते वीडियो बनाया और वायरल किया।

किसान को दी जेल भेजने की धमकी
   किसान जगदीश निषाद ने बताया कि जब मेरे द्वारा सोनी बाबू का रिश्वत लेते वीडियो बनाने का पता चला, तब उनके द्वारा मेरे पत्नी और मुझे जेल भेज देने की धमकी एवं जमीन के डायवर्सन प्रक्रिया को पूरी तरह से असफल कर देने की धमकी दे रहा था।

वायरल वीडियो के बाद से नदारद है रीडर
 किसान जगदीस निषाद से 30 हजार रुपये का  रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने बाद से रीडर रोशन सोनी बिना किसी कारण के कार्यालय से नदारत है। वहीं वायरल वीडियो  के मामले पर रोशन सोनी से दूरभाष से संपर्क किया गया लेकिन उनका मोबाइल बंद आया।

ज्ञात हो कि कुछ माह पूर्व ही बागबाहरा तहसील कार्यालय में पदस्त रीडर एवं एक चपरासी का भी रिश्वत लेते वीडियो बनाया गया था, लेकिन बाद में यह पूरा मामला अभी ठंडे बस्ते में दबा हुआ है।

इस संबंध में बागबाहरा के एसडीएम उमेश कुमार साहू का कहना है कि  रोशन सोनी का वीडियो मुझे भी आज ही प्राप्त हुआ है, मेरे द्वारा सिविल सेवा आचरण 1965 की धारा 3 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस पूरे मामले पर कलेक्टर कार्रवाई करेंगे।


अन्य पोस्ट