महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जून। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत आज बुधवार 15 जून को जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय महासमुंद में शुरू हुआ है। यहां 0 से 18 वर्ष के विभिन्न श्रेणी के चिह्नांकित बच्चों का नि:शुल्क जांच एवं उपचार किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शिविर में बालाजी हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से जांच किया जा रहा है। उपरांत बच्चों के हृदय रोग से ग्रसित पाए जाने पर उनका नि:शुल्क इलाज भी किया जाएगा। अन्य रोग से ग्रसित बच्चों की जांच एवं उपचार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा। बालाजी हॉस्पिटल रायपुर से शिशु एवं बाल हृदय रोग विशेषज्ञ एवं न्यूरो सर्जन अपनी सेवाएं देने पहुंचे हैं। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
एमडी मेडिसिन, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजियोथेरेपिस्ट अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस शिविर में एनआरसी में भर्ती बच्चों की जांच एवं चिरायु दलों द्वारा लाए गए अन्य कुपोषित बच्चों की जांच एवं उपचार किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. एसआर बंजारे ने बताया कि बच्चों को विकासखंड स्तर से चिरायु दलों द्वारा वाहनों के माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालय लाया जा रहा है। बच्चों के भोजन एवं पीने की पानी की व्यवस्था विभाग द्वारा की गई है।