महासमुन्द
पंद्रह दिनों तक मंदिर का पट बंद रहेगा
रथयात्रा के दिन तीनों नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जून। जिले के जगन्नाथ मंदिरों में आज 14 जून की शाम भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व बड़े भैया बलदाऊ को स्नान कराने की परंपरा विधि-विधान से निभाई जाएगी। इसके बाद तीनों की पूजा अर्चना बाद मंदिर के गर्भगृह में रख दिया जाएगा और दूसरे दिन से गर्भगृह का पट बंद हो जाएगा। इस दौरान ये श्रद्धालुओं को भगवान दर्शन नहीं देंगे। करीब 15 दिनों तक भगवान गर्भगृह में रहेंगे। इसके बाद भक्तों को दर्शन देने 1 जुलाई को शहर भ्रमण के लिए निकलेंगे। मान्यताओं के अनुसार इसी दिन अधिक स्नान करने से तीनों बीमार पड़ जाते हैं और विश्राम के लिए उन्हें 15 दिनों तक कमरे में रख काढ़ा पिलाने की रस्म निभाई जाती है।
जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर यही परंपरा आज मंदिरों में मनाई जाएगी। आज मंगलवार शाम को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व बहन सुभद्रा को स्नान कराया जाएगा, आरती पूजा के बाद तीनों को गर्भ गृह के अंदर स्थापित कर रख कर गर्भगृह का पट बंद कर दिया जाएगा। स्थानीय श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी आचार्य नारायण दास वैष्णव के मुताबिक 14 जून को ज्येष्ठ सुदी है। इस स्नान पूर्णिमा के दिन महाप्रभु भक्तों को सार्वजनिक तौर पर दर्शन देने के लिए मंदिर के बाहर आएंगे। गर्भगृह से भगवान को बाहर निकाला जाएगा और तीनों को स्नान कराया जाएगा। इसके बाद 15 दिनों के लिए मंदिर का पट बंद कर दिया जाएगा। ये पट सीधे रथ द्वितीया तिथि को खुलेंगे और भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देंगे।
पंडित जी कहते हैं कि इन 15 दिनों के अंदर प्रतिदिनि भगवान को स्वस्थ करने के लिए काढ़ा का भोग अर्पित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति नहीं रहेगी। 15 दिनों बाद मंदिर के पट खुलने से पहले यानी 30 जून को भगवान के नेत्र खोलने की रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद भगवान स्वस्थ्य होकर 1 जुलाई को दर्शन देने के लिए अपने रथ में सवार होकर शहर भ्रमण के लिए निकलेंगे। इस दिन को लोग हर्षोल्लास के साथ रथयात्रा पर्व के रूप में मनाएंगे। मालूम हो कि कोविड के कारण पिछले तीन सालों से रथयात्रा का पर्व सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया है। इस बार रथयात्रा के पूर्व में काफी उत्साह देखा जा रहा है।