महासमुन्द

जमीन बंदोबस्त त्रुटि का आवेदन खारिज, ग्रामीण जहर खाकर तहसील पहुंचा
14-Jun-2022 12:36 PM
जमीन बंदोबस्त त्रुटि का आवेदन खारिज, ग्रामीण जहर खाकर तहसील पहुंचा

तहसीलदार ने अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, खतरे से बाहर

बंदोबस्त में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं है- अफसर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जून।
जमीन बंदोबस्त त्रुटि का आवेदन खारिज होने से परेशान होकर एक ग्रामीण कल जहर सेवन कर पिथौरा तहसील कार्यालय पहुंच गया। यहां पहुंचकर उसने अधिकारियों को बताया कि जहर सेवन कर लिया है। ग्रामीण के जहर सेवन की बात सुनते ही तहसील कार्यालय में अफरा-तफ री मच गई।
तहसीलदार देवेन्द्र नेताम को जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी से ही ग्रामीण को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल ग्रामीण खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

जानकारी अनुसार ग्रामीण सुसाइड नोट लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा था। कहा जा रहा है कि उसने बंदोबस्त त्रुटि का आवेदन खारिज होने के बाद उक्त घटना को अंजाम दिया। लेकिन अधिकारियों की मानें तो बंदोबस्त में किसी प्रकार की त्रुटी नहीं है। पूर्व का खसरा नंबर ही परिवर्तन हुआ है।

इस मामले में तहसीलदार देवेन्द्र नेताम ने बताया कि आवेदक ग्राम सलडीह निवासी चंद्रहास भोई सुबह कार्यालय पहुंचकर बंदोबस्त त्रुटि के लिए दिए आवेदन खारिज होने के निर्णय को गलत बताते हुए कहा कि उसने जहर सेवन कर लिया है। आवेदक चंद्रहास भोई ने पूर्व में जमीन खरीदी थी। रिकार्ड में जमीन अभी भी उसके व परिजन के नाम पर है, लेकिन उसने खसरा नंबर 612 रकबा 20.20 आर को दूसरे के नाम पर जमीन होने की जानकारी देते हुए बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए आवेदन लगाया था।
बीते 3 जून को तहसीलदार देवेन्द्र नेताम ने बंदोबस्त में आवेदक व परिजनों का नाम होना पाया और उक्त आवेदन को खारिज कर दिया था। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गया था। उसे अधिकारियों द्वारा बताया गया था कि उक्त खसरा नंबर बंदोबस्त सुधार के पहले था। अब वो खसरा नंबर 1200 हो गया है।

तहसीलदार  ने बताया कि आवेदक चंद्रहास भोई का पूर्व में खसरा नंबर 612 रकबा 20.20 आर था। उस समय बंदोबस्त सुधार नहीं हुआ था। इससे पहले की खरीदी हुई जमीन है। वर्तमान में उक्त खसरों का बंदोबस्त सुधार हुआ है। जिसमें यह खसरा बदलकर 1200 बन गया है। जिसमें चंद्रहास व उसके परिजन का नाम दर्ज है। उसके आवेदन को इसीलिए खारिज किया गया है। जिसके लिए त्रुटि सुधार लगाई गई है वो बंदोबस्त में त्रुटि है ही नहीं।
 


अन्य पोस्ट