महासमुन्द
महासमुंद, 6 जून। सरायपाली पुलिस ने ग्राम भोथलडीह में जुआ के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 5 लोगों को पकड़ा है और इनके पास से 4500 रुपए जब्त किया है। सरायपाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली की गांव की गली के अंतिम छोर में बिजली के खंभे के पास जुए का फड़ सजा हुआ है। सूचना पर पुलिस गली की दोनों ओर से घेरते हुए मौके पर पहुंची। यहां पर बिजली पोल के नीचे मोमबत्ती की रोशनी में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे।
पुलिस को आता देख लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक पुलिस दोनों ओर से पहुंच चुकी थी। पुलिस ने मौके से 5 लोगों को पकड़ा है। इसमें दीप गोयल, 40 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 13 बाजार पारा सरायपाली, मिलन कुमार देवांगन 31 वर्ष निवासी भंवरपुर थाना बसना, काशीराम देवांगन 37 वर्ष निवासी बाजार पारा सरायपाली, मोहम्मद अफसर कादरी 22 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 15 कबीर नगर बसना, मोबीन रजा 30 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 15 कबीर नगर बसना शामिल है। इनके पास से कुल 4500 रुपए नगदी के साथ 52 पत्ती ताश जब्त कर 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।