महासमुन्द

बिजली का तार यदि टूटा हुआ है तो पास न जाएं, पशुओं को भी वहां जाने से रोकें
05-Jun-2022 4:20 PM
बिजली का तार यदि टूटा हुआ है तो पास न जाएं, पशुओं को भी वहां जाने से रोकें

महासमुंद, 5 जून। जिले के बिजली विभाग में पदस्थ अधिकारियों ने लोगों को सचेत किया है कि क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और उपकरणों की जानकारी तत्काल संबंधित शिकायत केंद्र व बिजली विभाग के अफसरों व लाइनमैन को दें। उन्होंने कहा है कि यदि तार टूटा हुआ है तो स्वयं पास न जाएं और पशुओं व किसी को भी वहां जाने से रोकें।

उन्होंने कहा है कि किसानों द्वारा सैकड़ों की संख्या में पंपों और घरेलू उपयोग के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन लिए गए हैं। आगामी बारिश व अंधड़ को देखते हुए किसानों से अपील है कि सर्विस केबल छिली या जीर्ण-शीर्ण स्थिति में न रहे। मोटे बांस या बल्ली से उपयुक्त ऊंचाई पर तार को मजबूती से बांधें। बारिश व तेज अंधड़ से अक्सर बिजली फाल्ट, खंभे गिरना, तार टूटना व पेड़ों के तार पर गिरने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उपभोक्ता यदि इसकी जानकारी सही समय पर दे दें तो होने वाली घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने कहा है कि गिरे हुए तार अक्सर दिखाई नहीं देते, लेकिन उसमें करंट प्रवाहित होता रहता है। इसके संपर्क में आने से किसी की जान तक जा सकती है। अगामी दिनों में मानसून दस्तक देने वाला है। अत: ऐसी घटनाओं से बचें।  
 


अन्य पोस्ट