महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वन विद्यालय प्रांगण से साइकिल रैली निकाली गई। यह रैली महासमुंद से पचेड़ा तक गई। जहां से साइकिल सवार वापस महासमुंद के लिए लौटे।
रैली की शुरुआत जिला मुख्यालय के वन विद्यालय से निकली। इसे कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर व वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली का आयोजन जिला प्रशासन, वन विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत किया गया। कलेक्टर क्षीरसागर व डीएफ ओ ने युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए साइकिल चलाई।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है। यथासंभव हमें अपने दैनिक जीवन में साइकिल का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना चाहिए। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के अदनान पॉल उपस्थित थे।
साइकिल रैली में प्रतिभागियों ने वन विद्यालय महासमुंद से पचेड़ा गांव, बागबहारा रोड और वापसी वन विद्यालय तक 24 किलोमीटर की यात्रा की।