महासमुन्द

कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार-कृष्णा
03-Jun-2022 4:40 PM
कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार-कृष्णा

महासमुंद, 3 जून। महासमुंद पालिका क्षेत्र में पालिका प्रशासन व अध्यक्ष की अक्षम कार्यप्रणाली व लापरवाही के चलते शहर के अनेक वार्डो व दूरस्थ क्षेत्रो में पेयजल के लिए जनमानस को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है जो पालिका अध्यक्ष के व्यवस्थित पेयजल वितरण के दावों की सत्यता को दर्शाते हैं ।

उक्त बातें पालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने विज्ञप्ति में कही है। श्री चंद्राकर ने कहा है कि शहर के वार्ड क्रमांक 2,3,10 सहित अनेक वार्डों के दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल वितरण व्यवस्थाओं की खामियों के चलते जनमानस के समक्ष पेयजल को लेकर विकट स्थिति बन पड़ी है। शहर के कई वार्डो में जनमानस के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित है। प्रदेश की भूपेश सरकार  व नगरीय निकाय मंत्री डहरिया के मंशा अनुरूप प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में निवासरत जनमानस को बिना भेदभाव किए आसानी से पेयजल की व्यवस्था क्रियान्वित करने के लिए महासमुंद पालिका को भारी भरकम राशि दी थी। लेकिन पालिकाध्यक्ष व मुख्य नगर पालिका अधिकारी की अक्षमता, दिशाहीन सोच एव कर्मचारियों की लापरवाही के चलते यह व्यवस्था का जनाजा निकल गया है।

प्रदेश से मिली विभिन्न योजनाओं की राशि से पेयजलापूर्ति के लिए पालिका को मिले टैंकर आज सफेद हाथी बना हुआ है। जो टैंकर शहर के रोड में दिखते हैं वो केवल निजी क्षेत्रों के निर्माण कार्य करने वाले लोगों को सुविधा देने में लगे हैं। इसके चलते प्रदेश शासन व पालिकाध्यक्ष के प्रति आक्रोश निर्मित्त हो चला है। इस तरह शहर में विकट स्थिति निर्मित होने के आसार हैं।
 


अन्य पोस्ट