महासमुन्द

घर में लगी आग, सिलेंडर फटा, जेवर सहित नगदी जलकर खाक
03-Jun-2022 3:53 PM
घर में लगी आग, सिलेंडर फटा, जेवर सहित नगदी जलकर खाक

दूसरे मामले में पैरावट की आग हवा के झोंकों से बस्ती में पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून।
शहर के मध्य स्थित कुर्मीपारा में बुधवार देर शाम एक घर में आग लगने की वजह से भरा हुआ सिलेंडर फट गया। इस हादसे में जनहानि तो नहीं हुई है, लेकिन घर व अंदर रखे सामान जलकर खाक हो गया है। फायर ब्रिगेड के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन सोना चांदी, नगदी रुपए डेढ़ लाख सहित पूरा सामान जल गया।

वार्ड 17 कुर्मीपारा निवासी देवेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि राममंदिर के पीछे स्थित उनके निवास में देर शाम करीब साढ़े 7 बजे घर के स्टोरनुमा कमरे में उसकी पत्नी ने पहले धुआं उठते देखा। इस कमरे में बिजली के सामान सहित अन्य सामान भी रखा हुआ था।
धुआं उठता देख वे अपने बच्चे व सास को लेकर बाहर निकल गई और मोहल्लेवालों को बताया। इससे पहले कुछ कर पाते कमरे में लगी आग भभक उठी और अंदर रखा भरा हुआ सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। आवाज सुनकर मोहल्लेवासी सहम गए। देखते ही देखते पूरे मकान में आग फैल गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक पूरा सामान जलकर खाक हो गया। मामले की शिकायत थाने में भी की गई है।

एक अन्य घटना में लाफिन खुर्द में पराली जलाने खेत में सुबह से आग किसान ने लगा दी थी। हवा के कारण यह आग वहीं पास में लगे ब्यारा के पैरावट में जा पहुंची। जिससे पैरावट में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पैरावट जलकर खाक हो गया। पैरावट की आग फिर हवा के झोंकों से बस्ती में पहुंच गई और कुछ ही दूरी पर छन्नूराम साहू के घर के छप्पर में आग पहुंच गई। इस हादसे से पूरा छप्पर जल गया। ग्रामीणों ने डायल 112 और दमकल को सूचना दी। मौके पर दोनों टीम पहुंची और आग पर काबू पाया गया।


अन्य पोस्ट