महासमुन्द

आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद आरटीई के तहत जिले में लगभग 2100 आवेदन पात्र
02-Jun-2022 8:42 PM
आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद आरटीई के तहत जिले में लगभग 2100 आवेदन पात्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 जून। शिक्षा का अधिकार कानून के तहत प्राप्त हुए आवेदनों की स्क्रूटनी का अंतिम चरण आज पूरा हो गया। कल 3 से 15 जून तक लॉटरी निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। लॉटरी निकलने के बाद छात्रों को जो स्कूल आवंटित होगा, वहां समस्त दस्तावेज के साथ पालकों को पहुंचकर बच्चों को प्रवेश कराना होगा।

जानकारी के मुताबिक सर्वर डाउन होने के कारण स्क्रूटनी का काम धीमी गति से चल रहा था। लेकिन सर्वर की समस्या समाप्त होने के बाद सभी आवेदनों की स्क्रूटनी कर ली गई है। हालांकि आवेदन स्क्रूटनी का आज गुरूवार को अंतिम दिन है। जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने बताया कि जिले में लगभग 2100 आवेदन पात्र पाए गए हैं। आरटीई के पहले चरण की समाप्ति 30 जून को होगी। इसके बाद 1 जुलाई से दूसरे चरण के लिए पोर्टल के माध्यम से आवेदन मंगाए जाएंगे। शेष सीटों पर दूसरे चरण में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदन मंगाने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है।

मालूम हो कि आरटीई के तहत जिले के 216 स्कूलों के 2158 सीटों के लिए आवेदन मंगाए गए थे। 25 मार्च से ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत हुई। दो महीने में पोर्टल के माध्यम से 2583 आवेदन प्राप्त हुए। इन प्राप्त आवेदनों की छंटनी के बाद प्रदेश स्तर पर लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी में जिसका नाम चयन होगा उसे निजी स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। इस बार जिले के 216 स्कूलों ने आरटीई के तहत अपना पंजीयन कराया है। जिले में कुल 2158 सीटें हैं। जिले में प्राप्त 2583 आवेदनों का सत्यापन व स्क्रूटनी समाप्त हो चुकी है।

इसमें लगभग 2100 पात्र आवेदनों की लॉटरी निकाली जाएगी। शेष आवेदनों को रिजेक्ट कर दिया गया है। इस आवेदन में कुछ अधूरे थे, तो कुछ आवेदन पालकों ने दोबारा भर दिया था।


अन्य पोस्ट