महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मई। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की पहल पर ग्राम पंचायत कांपा के आश्रित ग्राम परसवानी में सप्ताह में एक दिन राशन दुकान खुलेगी। ग्रामीणों की मांग पर संसदीय सचिव ने अधिकारियों का ध्यानाकर्षित कराया था। इसके बाद राशन दुकान संचालन के लिए हरी झंडी मिल गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
पिछले दिनों ग्राम परसवानी के ग्रामीणों ने मुलाकात कर गांव में राशन दुकान की व्यवस्था करने संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर का ध्यानाकर्षित करते हुए बताया था कि उन्हें राशन के लिए कांपा जाना पड़ता है। चूंकि राशन कार्ड महिलाओं के नाम पर हैं जिन्हें राशन लेने के लिए राशन दुकान पहुंचना आवश्यक होता है।
रविवार को संसदीय सचिव ने पूजा-अर्चना कर हितग्राही को राशन सामान देकर राशन दुकान का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अमर अरूण चंद्राकर, जनपद सदस्य आरीन भागीरथी चंद्राकर, सरपंच गजानंद साहू, उपसरपंच ज्ञानदास बांधे, सचिव नारायण साहू, देवेंद्र चंद्राकर, जय पवार, कृष्णा साहू, पुरुषोत्तम साहू, पीतांबर साहू, यशवंत चंद्राकर, द्वारिका चंद्राकर मौजूद थे।