महासमुन्द

हाट बाजारों में राजस्व शिविर बना सुलभ न्याय का माध्यम, समस्याओं का हो रहा निराकरण
30-May-2022 5:48 PM
हाट बाजारों में राजस्व शिविर बना सुलभ न्याय का माध्यम, समस्याओं का हो रहा निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 30 मई।
महासमुंद जिले के राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए विगत सप्ताह तहसील महासमुंद स्थित ग्राम रायतुम, खट्टा, मुनगासेर, तूरेंगा, बम्हनी, गढ़सिवनी और पाली में हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट लगाया गया। 

खास बात यह रही कि यह कैंप कोर्ट ग्राम के भीड़भाड़ वाले बाजार चौक में ही आयोजित किए गए। जिसमें आस-पास के ग्रामीण अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भारी संख्या में उपस्थित हुए।

कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर के निर्देशन और महासमुंद अनुभाग के एसडीएम भागवत जायसवाल के मार्गदर्शन में महासमुंद के तहसीलदारों द्वारा ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का ग्रामीणों के बीच में ही सीधे और सुलभ तरीके से निराकरण किया गया। इन हाट बाजार राजस्व शिविरों में 162 नामांतरण के प्रकरण, 37 द्वितीय किसान किताब, 16 सीमांकन और बंटवारा, 147 अस्थाई जाति प्रमाण पत्र, 139 निवास प्रमाण पत्र, 11 सोल्वेंसी प्रकरण, 121 आय प्रमाण पत्र, 19 अभिलेख शुद्धता, 53 डिजिटल हस्ताक्षर, 129 रकबा और नक्शा सुधार और मृत्यु प्रमाण पत्र के प्रकरणों का तहसीलदारों द्वारा स्थल पर ही निराकरण किया गया। 

कलेक्टर महासमुंद निलेशकुमार क्षीरसागर के पिछले रेवेन्यू ऑफिसर की बैठक राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारा करने के निर्देशों के अनुपालन में तहसील महासमुंद में तहसीलदारों द्वारा साप्ताहिक बाजार हाटों में फिर से हाट बाजार राजस्व शिविर की शुरुआत की गई है। जिसमें पुराने पेंशन के लिए भटकते गीता बाई को न्याय मिली। 

पाली ग्राम की गीता बाई ने जब देखा कि ग्राम के चौक में राजस्व शिविर लगा है तो वह नायब तहसीलदार महासमुंद के पास अपनी गुहार लेकर पहुंची। अधिकारी ने उसकी समस्या सुनी और बताया कि पेंशन के लिए पहले मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाने की जरूरत है। तत्काल संज्ञान लेकर और गांव वालों की उपस्थिति में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जिससे अब उन्हें पेंशन जल्दी मिल पाएगा।
 


अन्य पोस्ट