महासमुन्द
सवा करोड़ का गांजा समेत ओडिशा के 2 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मई। पुलिस ने एक चारपहिया वाहन में आम की बोरियों के नीचे छिपाकर गांजा तस्करी करते ओडिशा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
एसडीओपी सरायपाली विकास पाटले ने पत्रकारवार्ता में बताया कि मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। उसी सूचना पर सिंघोड़ा थाना स्टाफ ने ओडिशा की ओर से आ रही ओडिशा पासिंग वाहन क्रमांक ओडी 07 पी 0595 को रोका।
वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शेख अजीज (30)एवं बगल सीट में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अख्तर खान (26) दोनों निवासी ओडिशा का रहने वाला बताया। जांच के दौरान वाहन में खराब आम की बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक वाहन के पीछे डाला में खराब आम की बोरियों के नीचे छोटे-बड़े खाकी रंग के टेप से टेपिंग किये 140 पैकेटों में 600 किलो गांजा रखा हुआ मिला। दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर उनके कब्जे से 140 पैकेट गांजा जब्त की गई।
बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना में प्रयुक्त वाहन क्रमांक ओडी 07 पी 0595 कीमती 9 लाख रुपए, 2 मोबाईल कीमती 16 हजार रुपए, नगदी रकम 2500 रुपए भी बरामद किया है।