महासमुन्द

चोरी की 6 बाइक समेत युवक गिरफ्तार
30-May-2022 4:44 PM
चोरी की 6 बाइक समेत युवक गिरफ्तार

आरोपी ने चोरी की बाइक को घर में छिपाकर रखा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मई।
भंवरपुर क्षेत्र के तीन-चार गांवों में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक से 6 बाइक बरामद की गई है। आरोपी ने चोरी की बाइक को अपने घर में छिपाकर रखा था। जब्त बाइक की कीमत 2 लाख 5 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लिमदरहा, मनकी व तरेकेल सहित आसपास के गांवों में घूम-घूमकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। भंवरपुर चौकी प्रभारी नसीमुद्दीन खान ने बताया कि बाइक चोरी के आरोप में ग्राम पतेरापाली निवासी सुरेश यादव पिता मंथर यादव 22 को गिरफ्तार कर इसके पास से चोरी की 6 बाइक बरामद की है। इनमें से तीन नंबर सीजी 04 केडी 1603, सीजी 06 जीएन 4520, क्रमांक सीजी 06 जीसी 4050 और तीन बिना नंबर की बाइक शामिल हैं।

जानकारी अनुसार ग्राम छोटे लोरम थाना सांकरा निवासी बिसंभर यादव अपनी बाइक क्रमांक सीजी 04 केडी 1603 से घूमने के लिए जीजा गुरुदेव यादव के यहां 17 मई को ग्राम मनकी थाना बसना आया था। बाइक को दोपहर जीजा के यहां खड़ी कर आराम कर रहा था। 3 बजे घर के बाहर आया तो देखा कि बाइक वहां नहीं थी। वहीं ग्राम लिमदरहा निवासी दुखराम नायक की बाइक क्रमांक सीजी 06 जीएन 4520 भी 24 मई घर के बाहर से चोरी हो गई थी। तरेकेला निवासी छत्रपाल बरिहा भी अपनी बाइक सीजी 06 जीसी 4050 को 16 मई रात 8 बजे घर के सामने खड़ी किया था, जिसे अज्ञात ने चुरा लिया था। 
 


अन्य पोस्ट