महासमुन्द

आंदोलन के 56 वें दिन मनरेगा कर्मियों ने कलेक्ट्रेट घेरा
29-May-2022 4:26 PM
आंदोलन के 56 वें दिन मनरेगा कर्मियों ने कलेक्ट्रेट घेरा

कलेक्टर से चर्चा करने की जिद में प्रवेश द्वार पर ही नारेबाजी करते रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई।
दो सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से धरनारत मनरेगा कर्मियों ने शनिवार को रैली निकाली और कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। दोपहर एक बजे मनरेगा कर्मी मुख्यालय स्थित जनपद कार्यालय परिसर से रैली निकालते हुए दो बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ  कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। मनरेगा कर्मी कलेक्टर से चर्चा करने की जिद में प्रवेश द्वार पर ही नारेबाजी करते हुए जमे रहे। आखिर में प्रशासन की ओर से तहसीलदार प्रेमू साहू को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। 

गौरतलब है कि पिछले 56 दिनों से जारी इस आंदोलन को समाप्त कराने के लिए प्रशासन की सकारात्मक पहल न होने से मनरेगा कर्मियों में नाराजगी है। वे पिछले 56 दिनों से अपनी मांगों को दुहरा रहे हैं, लेकिन शासन ने अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की है। इन्हें कोई आश्वासन भी नहीं मिला है। शासन प्रशासन द्वारा आंदोलन समाप्त कराने सकारात्मक पहल न होने से आंदोलनरत नरेगा कर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है। इनका धरना प्रदर्शन चुनावी घोषणा पत्र पर अमल करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों का नियमितीकरण करने, नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होते तक रोजगार सहायकों का ग्रेड पे निर्धारण कर समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायत कर्मी नियमावली लागू किए जाने की मांग को लेक र है। 
 


अन्य पोस्ट