महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। निर्माण कार्य का भुगतान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बैठे ग्राम सोरिद के पूर्व सरपंच ईश्वर प्रसाद आज भी अपनी बेटियों के साथ धरने पर हैं और नौतपे की धूप में भूखे रहकर इस समस्या का हल निकालने में लगे हैं।
इन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि 7 साल पहले अपने सरपंची कार्यकाल में पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों का अब तक भुगतान नहीं मिला है। विभाग से उक्त राशि का भुगतान हो गया है और बैंक से भी उक्त राशि का आहरण किया जा चुका है, लेकिन राशि का भुगतान किसके नाम पर किया गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। ईश्वर का कहना है-मैं उक्त राशि के लिए बार-बार जाता बैंक जाता हूं लेकिन कोई नहीं बताता कि राशि का आहरण कब और किसने किया है।
मुझे अब तक वह राशि नहीं मिली है। जबकि 2010 से 2015 के दौरान गांव में कराए गए विकास कार्य की राशि का भुगतान निजी पैसे लगाकर किया है। जनपद से पता चला है कि उक्त राशि का आहरण वर्तमान सरपंच और सचिव ने कर लिया है। उनके भूखहड़ताल का आज तीसरा तीसरा दिन है, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा है।