महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। ओडिशा से वापस घर लौटते समय सुखापाली का एक परिवार शुक्रवार सुबह कोटेनदरहा के पास गाय को बचाते कार पलट गई, जिससे कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई है, जबकि अन्य 4 घायल हैं।
सरायपाली पुलिस के अनुसार सुखापाली का एक परिवार कोटेनदरहा के पास सडक़ हादसे का शिकार हो गया है। इस हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई है और 4 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
इस घटना का रिपोर्ट ओम सागर ने थाने में दर्ज कराई है और बताया है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे ग्राम सुखापाली के एक दम्पत्ति कार से ओडिशा से कार्यक्रम से वापस आ रहे थे। तभी कोटेनदरहा के पास कार के सामने अचानक एक गाय आ गई। जिसे बचाते-बचाते कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खेत में पलट गई। इससे कार में सवार पूर्वी उर्फ बुधियारिन वर्मन पति मनोहर (26) निवासी ग्राम सुखापाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पुत्र प्रतीक भार्गे (4) का एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कार में सवार 4 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।