महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। सकल जैन समाज महामसुंद की ओर से धर्म गुरुओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली, कलेक्टोरेट व एसपी कार्यालय में कल ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में जैन समाज के पदाधिकारियों सहित युवा शामिल थे। सकल जैन समाज की ओर से समस्त पदाधिकारी और युवा पैदल कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए 25 मई को बालोद में सार्वजनिक मंच से छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जैन समाज के धार्मिक गुरुओं के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ गिरफ्तारी की मांग की गई।
यहां ज्ञापन सौंपने के बाद सभी पदाधिकारी कलेक्टोरेट पहुंचे और काफी देर तक प्रशासनिक अफसरों के बाहर आने का इंतजार करते रहे। करीब 15 मिनट तक जब कोई अधिकारी बाहर नहीं आया तो समाजजनों ने नाराजगी जताते हुए परिसर में प्रवेश किया। यहां डिप्टी कलेक्टर ने ज्ञापन देने की बात कही। लेकिन पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समाज के लोगों की मांग को सुनने कोई बाहर नहीं आ सकता। इसके बाद सभी अपर कलेक्टर के चेंबर में पहुंचे। यहां भी समाज के लोगों ने नाराजगी जताई और बाहर आ गए। इसके बाद अपर कलेक्टर बाहर आए और ज्ञापन लिया। समाज के सभी लोग अब एसपी कार्यालय पहुंचे और यहां एसपी विवेक शुक्ला को ज्ञापन देकर भाषण की सीडी सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में जैन समाज के अध्यक्ष राजेश लूनिया, उपाध्यक्ष महेंद्र जैन, सचिव रितेश गोलछा, सह सचिव जितेंद्र बैद्य सहित वरिष्ठजन पारस चोपड़ा, डॉ विमल चोपड़ा, दिलीप मालू, कुशाल श्रीमाल आदि थे।